IndiaUttar Pradesh

​साली की तय हुई शादी तो रेत दिया गला, खुद भी लगाई फांसी; बनारस के होटल में मिले दोनों के शव

उत्तर प्रदेश में वाराणसी में एक युवक ने अपने बड़े भाई की साली की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी. दोनों के शव बड़ागांव थाना क्षेत्र में एयरपोर्ट रोड स्थित एक होटल के कमरे में मिले हैं. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. युवक की पहचान बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट निवासी 20 वर्षीय विकास केसरी के रूप में हुई है. जबकि युवती बड़ागांव बसनी की रहने वाली 23 वर्षीय प्रिया केसरी है.

​साली की तय हुई शादी तो रेत दिया गला, खुद भी लगाई फांसी; बनारस के होटल में मिले दोनों के शव

प्रिया की बड़ी बहन के साथ विकास के बड़े भाई की शादी हुई है. इसी संबंध की वजह से दोनों अक्सर मिलते रहते थे और इसी मुलाकात के दौरान दोनों में प्यार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि हाल ही में प्रिया की शादी कहीं और तय कर दी गई. इसकी जानकारी होने पर विकास नाराज हो गया और सोमवार की रात प्रिया के साथ इस होटल में आकर पहले उसकी हत्या की, फिर खुद भी सुसाइड कर लिया.

पुलिस ने कराया पंचनामा

पुलिस के मुताबिक दोनों के शव होटल के एक ही कमरे में मिले हैं. युवती का शव बाथरूम में पड़ा था. उसके गले पर किसी धारदार हथियार से कटे का निशान है. काफी खून बहने की वजह से उसकी मौत हुई हो सकती है. वहीं युवक का शव कमरे में पंखे के कुंदे से लटकता मिला है. पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से होटल के कमरे से घटना से जुड़े साक्ष्य उठाए हैं. इस संबंध में कमरे को सीज करते हुए पुलिस ने होटल कर्मियों से भी पूछताछ की है.

सोमवार की रात होटल में आए थे दोनों

होटल कर्मियों ने बताया कि सोमवार की रात दोनों होटल में आए थे और विकास ने प्रिया को अपनी रिश्तेदार बताकर कमरा बुक किया था. कमरे में जाने के बाद जब काफी देर तक दोनों की कोई हलचल नहीं मिली तो होटल कर्मियों को शक हुआ और तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा खुलवाकर शवों को कब्जे में लिया है. इसके बाद उनकी आईडी से पहचान करते हुए उनके घरवालों को सूचना दी.

जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी में एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र के मुताबिक पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य को इकट्ठा किया है. इस संबंध में पुलिस दोनों के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है. जल्द ही पूरी वारदात का खुलासा होगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply