
जशपुर, छत्तीसगढ़: तुमला थाना क्षेत्र में 37 वर्षीय मूक-बधिर दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 25 अक्टूबर की शाम की है। महिला का भाई शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे झाड़ियों की तरफ से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह तुरंत मौके पर पहुंचा तो अपनी बहन को गांव के चंद्रहास कुमार के साथ देखा। भाई को देखकर आरोपी कथित तौर पर अपने कपड़े, पर्स और मोबाइल फोन वहीं छोड़कर फरार हो गया।
अगले दिन पीड़िता के भाई ने तुमला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
सत्यम रिपोर्ट: खबर पुलिस की ओर से दी गई जानकारी और दर्ज शिकायत पर आधारित है। आरोपी के खिलाफ लगे आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायालय करेगा।



