
तारडीह गांव में पति-पत्नी के आपसी विवाद और कलह के बीच एक 23 वर्षीय विवाहिता द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतका की पहचान तारडीह निवासी उत्तम कुमार दास की पत्नी नंदनी कुमारी (23) के रूप में हुई है।
घटना के बाद मायके पक्ष ने दामाद और उसके परिवार पर साजिश के तहत जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के मायके वालों के फर्दबयान पर मामला दर्ज कर आरोपित पति को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका का पति उत्तम कुमार दास चंडीगढ़ में रहकर मजदूरी करता है और करीब एक सप्ताह पूर्व ही अपने गांव लौटा था। पति का कहना है कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर उसने बुधवार को पत्नी को कड़ी डांट-फटकार लगाई थी।
देर शाम वह पास के गांव फरीदपुर जलावन लाने गया था। जब वह घर वापस लौटा, तो नंदनी घर के बरामदे में लगातार उल्टियां कर रही थी। पूछने पर उसने बताया कि उसने कीटनाशक (जहर) खा लिया है। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सक डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कई बार परिवार और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने समझा-बुझाकर सुलह कराने का प्रयास किया, लेकिन कलह शांत नहीं हुई। मां की असामयिक मौत और पिता के जेल जाने के बाद दोनों दुधमुंहे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान पर हत्या और प्रताड़ना की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव का बांका सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन तफ्तीश कर रही है।



