सफेद चावल अगर भारतीयों की थाली में न हो तो भूख नहीं मिटती है. भारतीयों घरों में अधिकतर लोग सफेद चावल ही बनाना पसंद करते हैं. क्योंकि ये अमूमन सस्ता फूड है और स्वाद में भी बेहतरीन होता है. सफेद चावल को न सिर्फ दाल के साथ बल्कि मीट, चिकन और अलगअलग सब्जियों के साथ बड़े शौक से खाया जाता है. पर लोगों में ये सवाल बना रहता है कि क्या सफेद चावल को खाने से हमारा वजन तेजी से बढ़ता है. लोग कहते हैं कि ज्यादा सफेद चावल खाने से शरीर मोटा होने लगता है.

ये मिथक है या सच, इस टॉपिक पर टीवी9 ने पायल दत्त से खास बातचीत की. जानें एक्सपर्ट ने क्या कहा?
क्या सफेद चावल बढ़ाता है वजन?
पायल दत्त कहती हैं कि सिर्फ सफेद चावल खाने से वजन नहीं बढ़ता. वजन तब बढ़ता है जब आप लंबे समय तक शरीर की जरूरत से ज्यादा कैलोरी खाते हैं. यानी सिर्फ एक खाने की चीज को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, पूरी डाइट और लाइफस्टाइल मायने रखती है. सफेद चावल कार्बोहाइड्रेट का अच्छा सोर्स है और कार्बोहाइड्रेट हमारे शरीर को एनर्जी देने का सबसे बड़ा जरिया है.
हां, ब्राउन राइस की तुलना में सफेद चावल में फाइबर थोड़ा कम होता है क्योंकि इसे ज्यादा प्रोसेस किया जाता है. इसलिए इसे खाने के बाद आपको थोड़ी जल्दी भूख लग सकती है. लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि आपको सफेद चावल खाना ही छोड़ देना चाहिए.
रिसर्च की बात करें, तो इसका भी कोई एक सीधा जवाब नहीं है. कुछ स्टडीज़ में ज्यादा मात्रा में सफेद चावल खाने और वजन बढ़ने के बीच संबंध देखा गया है, जबकि कई दूसरी स्टडीज़ में ऐसा कोई साफ संबंध नहीं मिला. इसलिए सिर्फ चावल को वजन बढ़ने की वजह मानना सही नहीं है.
खाने का तरीका होना चाहिए सही
एक्सपर्ट ने बताया असल बात ये है कि आप अपनी प्लेट कैसे बनाते हैं. अगर चावल के साथ दाल, सब्जी, दही, अंडा, मछली या चिकन भी है, तो आपको प्रोटीन और फाइबर भी मिलेगा. इससे पेट ज्यादा देर तक भरा रहता है और ब्लड शुगर भी बेहतर तरीके से कंट्रोल रहता है. वैसे चावल को फ्राई की जगह उबालकर खाना बेस्ट है क्योंकि ऐसा करने से इसका स्टार्च काफी हद तक निकल जाता है.
इन बातों का रखें ध्यान
आपकी फिजिकल एक्टिविटी, पूरे दिन की कैलोरी, नींद और ओवरऑल लाइफस्टाइल, ये सभी चीजें मिलकर आपके वजन पर असर डालती हैं. इसलिए अगर आपको सफेद चावल पसंद हैं, तो बेवजह उनसे डरने की जरूरत नहीं है. बस मात्रा का ध्यान रखें, चावल को हमेशा बैलेंस्ड मील के साथ खाएं, रोज़ एक्टिव रहें और सिर्फ एक खाने की चीज को दोष देने की बजाय अपनी पूरी डाइट पर ध्यान दें.


