नई दिल्ली : आंदोलनकारी युवाओं और जेनजी पीढ़ी को ‘गटर जनरेशन’ बताने और लड़कियों पर अश्लीलता का आरोप लगाने के बाद चौतरफा घिरीं अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयानों पर अड़ गई हैं। कंगना ने एक नया सेल्फी वीडियो जारी कर अपने विवादित बयानों का बचाव किया है और विरोध करने वालों पर तीखा निशाना साधा है। अभिनेत्री का दो टूक कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर अभद्र भाषा और अश्लील आचरण को किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं माना जा सकता।

CJP नेता अभिजीत दीपके और विशाल ददलानी का जोरदार पलटवार
दूसरी ओर, कंगना की इन टिप्पणियों पर राजनीतिक और बॉलीवुड गलियारों से लगातार तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कंगना के बयानों पर पलटवार करते हुए इन्हें पूरी तरह से बेतुका करार दिया है। न्यूज एजेंसी द्वारा कंगना की टिप्पणियों पर सवाल पूछे जाने पर दीपके ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें आखिर गंभीरता से लेता ही कौन है।
वहीं, मशहूर गायक और संगीतकार विशाल ददलानी ने भी विरोध प्रदर्शनों के दौरान इस्तेमाल की गई कथित अभद्र भाषा पर हंगामा मचाने वालों की दोहरी मानसिकता पर सवाल खड़े किए हैं। ददलानी ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग युवाओं की भाषा पर इतना बवाल काट रहे हैं, वे सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर ढाए गए पुलिसिया अत्याचार और पेलेट गन के इस्तेमाल पर पूरी तरह से खामोश क्यों बैठे हैं।
गंदे आचरण को ‘नॉर्मलाइज’ नहीं होने दूंगी: कंगना रनौत
अपने ताजा वीडियो में कंगना रनौत ने मीडिया पर भी उन्हें जानबूझकर घेरने का आरोप लगाया है। अपनी सफाई पेश करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वह समाज में गंदे आचरण को कभी ‘नॉर्मलाइज’ नहीं होने देंगी। कंगना ने कड़े शब्दों में कहा कि हम अपने समाज में इस तरह के बर्ताव को स्वीकार नहीं कर सकते।
कंगना ने अपनी बात रखते हुए आगे कहा कि हम बिल्कुल नहीं चाहते कि हमारे बच्चे यह सब देखें या हमें अपने बुजुर्गों के सामने शर्मिंदा होना पड़े। उन्होंने आंदोलनकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर आपको समाज में रहना है तो संविधान और सीमाओं का पालन करना ही होगा। अपनी बात को खत्म करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि आपकी आजादी ठीक वहीं खत्म हो जाती है जहां मेरी नाक शुरू होती है।



