India

​मोर ही क्यों बना भारत का राष्ट्रीय पक्षी? 5 कारण जिसने इसे पक्षियों की रेस में आगे रखा

भारत का राष्ट्रीय पक्षी मोर है, जिसका वैज्ञानिक नाम पावो क्रिस्टेटस है. इसे राष्ट्रीय पक्षी बनाने का फैसला यूं ही नहीं लिया गया. इसके पीछे एक पूरी प्रक्रिया थी, जिसमें दूसरे पक्षी भी दौड़ में थे. भारत सरकार के राष्ट्रीय पहचान आधिकारिक पेज और वन्यजीव संरक्षण कानून के दस्तावेजों में इसके कारण भी बताए गए हैं. राष्ट्रीय पक्षी चुनने का विचार मई 1960 में टोक्यो में हुए इंटरनेशनल काउंसिल फॉर बर्ड प्रिजर्वेशन के सम्मेलन से निकला.

​मोर ही क्यों बना भारत का राष्ट्रीय पक्षी? 5 कारण जिसने इसे पक्षियों की रेस में आगे रखा

भारत में यह जिम्मेदारी भारतीय वन्यजीव बोर्ड को दी गई, जिसकी अध्यक्षता उस समय मैसूर के पूर्व महाराजा जयचामराजेंद्र वाडियार कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्यों से राय ली गई और जनमत भी परखा गया. मशहूर पक्षी विज्ञानी सालिम अली ने संकटग्रस्त ग्रेट इंडियन बस्टर्ड यानी गोडावण का नाम सुझाया था, ताकि उसके संरक्षण पर ध्यान जाए. सारस क्रेन समेत कुछ और पक्षियों पर भी चर्चा हुई, लेकिन आखिर में मोर को चुना गया. इसकी घोषणा की तारीख 1 फरवरी 1963 बताई जाती है.

मोर को राष्ट्रीय पक्षी बनाने के पीछे थे ये कारण

कारण नंबर 1: पूरे देश में मौजूदगी

राष्ट्रीय प्रतीक के लिए जरूरी था कि वह किसी एक इलाके तक सीमित न हो. मोर देश के बड़े हिस्से में पाया जाता है. यह खेतों, गांवों, जंगलों और जल स्रोतों के आसपास आसानी से दिखता है. ग्रेट इंडियन बस्टर्ड की पहुंच सीमित है, जबकि मोर लगभग हर राज्य के लोगों के लिए जानापहचाना पक्षी है.

हिंदू परंपरा में मोर को भगवान कार्तिकेय, यानी दक्षिण भारत में मुरुगन, का वाहन माना जाता है. फोटो: Pexels

कारण नंबर 2: आम आदमी भी पहचान ले

वन्यजीव बोर्ड के फैसले की रिपोर्टों में कहा गया है कि चुना गया पक्षी ऐसा हो जिसे आम नागरिक आसानी से पहचान सके. नीला गला, पंखे जैसी कलगी, आंख के नीचे सफेद धब्बा और आंखों जैसे निशान वाली लंबी पूंछ इसे किसी भी दूसरे पक्षी से अलग बना देती है.

कारण नंबर 3: पौराणिक और धार्मिक महत्व

हिंदू परंपरा में मोर को भगवान कार्तिकेय, यानी दक्षिण भारत में मुरुगन, का वाहन माना जाता है. भगवान कृष्ण के मुकुट में मोरपंख की मान्यता भी भारतीय संस्कृति का हिस्सा है. वन्यजीव बोर्ड ने इसी ऐतिहासिक, पौराणिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहलू को अहम वजह माना था.

मोर की पूंछ के पंखों और उनसे बने सामान के निर्यात पर रोक है. फोटो: Pexels

कारण नंबर 4: कला, वास्तुकला और इतिहास में मौजूदगी

मोर की आकृति मंदिरों की वास्तुकला, कपड़ों की डिजाइन, सिक्कों और डाक टिकटों में सदियों से इस्तेमाल होती आई है. इसे शाही प्रतीक की तरह भी देखा गया. यानी यह सिर्फ एक पक्षी नहीं, बल्कि देश की कला और परंपरा की साझा पहचान रहा है.

कारण नंबर 5: सुंदरता, गरिमा और राष्ट्रीय भावना

भारत सरकार के नॉलेज इंडिया पोर्टल के अनुसार मोर एक रंगीन, हंस के आकार का पक्षी है, जिसके सिर पर पंखे जैसी कलगी, आंख के नीचे सफेद धब्बा और लंबी पतली गर्दन होती है। बारिश के बादल देखकर पंख फैलाकर नाचने वाला यह पक्षी भारतीय लोककथाओं और नृत्य परंपराओं का हिस्सा है. इसे सुंदरता, गरिमा, गर्व और रहस्य का प्रतीक माना जाता है.

मोर को सुंदरता, गरिमा, गर्व और रहस्य का प्रतीक माना जाता है. फोटो: Pexels

राष्ट्रीय पक्षी बनने के बाद क्याक्या बदला?

राष्ट्रीय पक्षी बनने के बाद मोर की सुरक्षा भी पक्की की गई. वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची एक में पावो क्रिस्टेटस यानी मोर का नाम दर्ज है. संसद में पर्यावरण मंत्रालय के जवाब में भी कहा गया है कि मोर अनुसूची एक में शामिल है, जिससे इसे सर्वोच्च कानूनी सुरक्षा मिलती है. अनुसूची एक की प्रजातियों के शिकार पर सख्त सजा का प्रावधान है. इसमें वही कानूनी दर्जा बाघ जैसे प्रजातियों को भी मिलता है. सरकारी जवाबों में यह भी दर्ज है कि मोर की पूंछ के पंखों और उनसे बने सामान के निर्यात पर रोक है. मोर के नर को मोर या पीकॉक और मादा को मोरनी कहा जाता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply