CrimeIndiaTrending

तूने ज्यादा पीस क्यों खाए ,चिकन​​​​​ के एक पीस पर हुआ झगड़ा, दोस्त ने सीने में घोंपा चाकू; हत्या के बाद एक्सीडेंट की गढ़ी झूठी कहानी.

बेलगावी: कर्नाटक के बेलगावी जिले से हैरान करने वाला हत्या का मामला सामने आया है। यहां चिकन के ज्यादा पीस खाने को लेकर दो दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक ने अपने ही दोस्त की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। दोनों युवक उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के रहने वाले थे और कर्नाटक में एक ही कंपनी में काम करते थे।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पीलीभीत के कबीरगंज गांव निवासी सीताराम के रूप में हुई है। आरोपी अरुण कुमार भी उसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

चिकन के पीस को लेकर शुरू हुई बहस

जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त बेलगावी जिले के मुदलगी तालुका के हुनास्याल पीजी गांव में साथ रहकर काम करते थे। दोनों प्रिया स्टील कंपनी में नौकरी करते थे।

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दोनों दोस्त पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई कि किसने चिकन के ज्यादा पीस खा लिए। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि गुस्से में अरुण ने चाकू निकालकर सीताराम के सीने में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सीताराम मौके पर गिर पड़ा।

हत्या के बाद आरोपी ने रची एक्सीडेंट की कहानी

वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुद को बचाने के लिए पूरी घटना को हादसा बताने की कोशिश की। वह घायल सीताराम को गोकाक के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा।

आरोपी ने डॉक्टरों और पुलिस को बताया कि सीताराम किसी इमारत से गिरकर घायल हुआ है। हालांकि, पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस ने घटना की परिस्थितियों और आरोपित के बयान की जांच की। सख्ती से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर आरोपी की कहानी में विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं और हत्या का राज खुल गया।

पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामूली चिकन विवाद में दोस्त की जान जाने की इस घटना से इलाके में भी लोग हैरान हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply