भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेला जाने वाला एकमात्र टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा। आइए जानते है इसके पीछे की वजह।

IND vs AFG Test not part of WTC: भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने इस मुकाबले के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और फैंस भी इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि इस मुकाबले को लेकर एक सवाल लगातार चर्चा में है कि आखिर यह मैच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा क्यों नहीं है।
साल 2019 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत होने के बाद अधिकांश टेस्ट मुकाबले इसी टूर्नामेंट के तहत खेले जाते हैं। लेकिन भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला यह टेस्ट मैच WTC अंक तालिका में नहीं गिना जाएगा। इसका मतलब साफ है कि इस मुकाबले के नतीजे का विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
IND vs AFG: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में शामिल नहीं है अफगानिस्तान
आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में फिलहाल सिर्फ नौ टीमों को शामिल किया है। अफगानिस्तान को भले ही 2017 में टेस्ट खेलने का दर्जा मिल गया था, लेकिन वह अभी तक WTC का हिस्सा नहीं बन पाया है। इसकी सबसे बड़ी वजह टीम का सीमित टेस्ट कार्यक्रम है। अफगानिस्तान सालभर में उतने टेस्ट मैच नहीं खेलता, जितने एक नियमित WTC टीम को खेलने होते हैं। यही कारण है कि अफगानिस्तान के अलावा जिम्बाब्वे और आयरलैंड भी अभी इस चैंपियनशिप से बाहर हैं।
When IND last met AFG, it was more than just a Test match! ♥️
Swipe through the moments that made the IND vs AFG only Test in 2018 so memorable. 👀👉#INDvAFG Only Test 👉 Starts Sat, 6 June, 8:30 AM pic.twitter.com/dXqOgImIhT
— Star Sports June 5, 2026
IND vs AFG: एक टेस्ट मैच होने की वजह से भी बाहर है मुकाबला
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नियमों के अनुसार किसी भी द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में कम से कम दो मुकाबले होने चाहिए, ताकि उसके अंक WTC में शामिल किए जा सकें। भारत और अफगानिस्तान के बीच केवल एक टेस्ट मैच खेला जा रहा है। ऐसे में यह मुकाबला WTC साइकिल का हिस्सा नहीं माना गया है और इसके परिणाम से किसी भी टीम को अंक नहीं मिलेंगे।
IND vs AFG: WTC पर असर नहीं, लेकिन रैंकिंग पर पड़ेगा प्रभाव
भले ही इस मैच के अंक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में नहीं जुड़ेंगे, लेकिन खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन का असर आईसीसी रैंकिंग पर जरूर पड़ेगा। बल्लेबाजों, गेंदबाजों और ऑलराउंडरों की रेटिंग इस मैच के प्रदर्शन के आधार पर अपडेट होगी। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत उपलब्धियों और रैंकिंग सुधारने के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है।
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान दूसरी बार होंगे आमनेसामने
भारत और अफगानिस्तान की टीमें टेस्ट क्रिकेट में दूसरी बार आमनेसामने उतरेंगी। इससे पहले दोनों देशों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। टेस्ट दर्जा मिलने के बाद अफगानिस्तान ने अभी तक सीमित संख्या में ही मैच खेले हैं, लेकिन टीम लगातार अनुभव हासिल कर रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुल्लांपुर में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमों का प्रदर्शन कैसा रहता है।



