Satya Report: उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। दिल्ली से लेकर बिहार तक सूरज के कड़े तेवर ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दोपहर होते ही सड़कें सूनी हो रही हैं और पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है। हालांकि, मौसम विभाग की ताज़ा भविष्यवाणी ने तपती गर्मी के बीच एक उम्मीद की किरण दिखाई है। 27 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिससे कई राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्लीNCR: लू के थपेड़ों से राहत नहीं
देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में फिलहाल राहत मिलने के आसार कम ही हैं। सोमवार को यहां 20 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं यानी ‘लू’ चलने का अनुमान है। तापमान की बात करें तो अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दिल्ली वासियों को अभी बारिश के लिए थोड़ा और इंतज़ार करना होगा।
उत्तर प्रदेश: मंगलवार से बदलेगा मौसम का मिजाज
UP में आज तक गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिलेगा। लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। लेकिन मंगलवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम करवट लेगा। इसके प्रभाव से बांदा, वाराणसी, आगरा और मेरठ जैसे इलाकों में बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश और तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
बिहार और हरियाणा: आंधी और बारिश की चेतावनी
बिहार में मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर समेत कई जिलों में 27 और 28 अप्रैल को बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहाँ 55 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। वहीं, हरियाणा के फरीदाबाद, पानीपत और सोनीपत जैसे जिलों में भी 40 किमी की रफ़्तार से चलने वाली हवाएं और बारिश गर्मी से राहत दिलाएंगी, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान: 46 डिग्री के बीच ‘विक्षोभ’ का सहारा
रेगिस्तानी राज्य राजस्थान में गर्मी जानलेवा स्तर पर पहुंच गई है, जहां बाड़मेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लेकिन 28 से 30 अप्रैल के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जो झुलसा देने वाली गर्मी से थोड़ी राहत दे सकती है।



