
लखनऊ में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर रेप का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी की बात लगातार टालते रहे।
मामले में कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब को भी आरोपी बनाया गया है। महिला का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया और कैफ के परिवार से संपर्क किया तो हसीब ने उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी।
2020 में कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी मुलाकात
महिला के मुताबिक, वर्ष 2020 में गाजियाबाद में रहने के दौरान उसकी मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए मोहम्मद कैफ से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।
शिकायत में महिला ने दावा किया है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। महिला ने उसे बताया था कि वह पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। आरोप है कि कैफ ने इन बातों को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई और उससे शादी करने का भरोसा दिया।
होटल में बुलाकर संबंध बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया था। शिकायत के मुताबिक, वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
इसके बाद जब महिला ने शादी की बात की तो आरोप है कि कैफ आईपीएल ऑक्शन के बाद निकाह करने की बात कहकर शादी को टालते रहे।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वह एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थी, लेकिन कैफ ने कथित तौर पर अपनी पसंद नहीं होने की बात कहते हुए उससे नौकरी छोड़ने के लिए कहा।
आईपीएल ऑक्शन के बाद दूरी बनाने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आईपीएल ऑक्शन के बाद कैफ के व्यवहार में बदलाव आया और उन्होंने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। इसके बाद महिला ने कैफ के परिवार से संपर्क किया और शादी को लेकर बातचीत करने की कोशिश की।
महिला का आरोप है कि 19 मई को उसे बातचीत के लिए अमरोहा बुलाया गया था। वहां कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
पहले थाने, फिर डीसीपी से की शिकायत
महिला के मुताबिक, घटना के बाद उसने आशियाना थाने में शिकायत की। उसका दावा है कि 31 अगस्त को उसने पुलिस को शिकायत दी थी और इसके बाद डीसीपी से भी मामले की शिकायत की गई।
महिला ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उसकी शिकायत सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में आया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आशियाना थाने में मोहम्मद कैफ और उनके भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। खबर लिखे जाने तक मोहम्मद कैफ और मोहम्मद हसीब की ओर से इन आरोपों पर कोई पक्ष सामने नहीं आया था।



