
बिहार के बेतिया शहर में बुधवार को एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहरनगर वार्ड 5 स्थित नोनिया टोली में अहले सुबह हुई। मृतका की पहचान बच्ची देवी के रूप में हुई है। उनकी उम्र लगभग 55 साल थी। बताया जा रहा है कि बच्ची देवी जब अपने घर में सो रही थी, तभी धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया। हत्यारों ने उनकी बाएं हाथ की दो उंगलियां भी काट दीं और उन्हें सिर के पास रख दिया।
इस जघन्य हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। महिला के पति का 3 साल पहले निधन हो चुका है। परिजन का कहना है कि उनका दो मंजिला मकान है। उसमें पांच कमरे हैं। परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। तभी बच्ची देवी की हत्या की गई।
ऐसे चला हत्या का पता
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के करीब 4 बजे घर की बड़ी बहू अंजू देवी ने अपनी देवरानी पूजा देवी और सुमन कुमारी को जगाकर कि बच्ची देवी के साथ कुछ अनहोनी हो गई है। परिजन कमरे में पहुंचे तो बच्ची देवी बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं। उनके चेहरे पर कपड़ा रखा हुआ था। कपड़ा हटाने पर गला रेता हुआ मिला। बाएं हाथ की दो उंगलियां कटी थीं, जिन्हें सिर के पास रखा गया था। दाएं हाथ पर भी धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले।
घटना की सूचना मिलते ही कालीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
3 महीने पहले ही लगाए सीसीटीवी कैमरे
परिजनों ने बताया कि करीब 3 महीने पहले ही घर में मोबाइल चोरी हुआ था। इसके बाद सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। वारदात की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी चल रही है।
पुलिस अधिकारी क्या बोले
एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि हरिहरनगर वार्ड-5 में महिला की हत्या की सूचना मिली है। एफएसएल और पुलिस टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। मामले में 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



