Woman Jumps From 18th Floor Noida: दिल्लीएनसीआर से सटे नोएडा के सेक्टर 100 स्थित एक VIP सोसाइटी में मंगलवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 46 वर्षीय महिला ने बहुमंजिला इमारत की 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरी सोसाइटी में अफरातफरी और सन्नाटा पसर गया. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 39 पुलिस, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए.

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल के रूप में हुई है. वो लोटस एस्पेशिया सोसाइटी के पर्ल टावर 32 के फ्लैट नंबर 1803 में अपने पति और परिवार के साथ रहती थीं.
मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे, जब परिवार के लोग काम में व्यस्त थे, तभी पारुल ने फ्लैट की बालकनी से नीचे छलांग लगा दी. इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
लंबे समय से डिप्रेशन में थीं पारुल
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति पल्लव अग्रवाल ने एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी पारुल पिछले काफी समय से गंभीर मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थीं, जिसका इलाज भी चल रहा था.
पति के मुताबिक, घटना के समय वह अपनी बेटी के साथ किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर पारुल ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे केवल परिजनों के बयानों पर निर्भर नहीं हैं और मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है.
फॉरेंसिक टीम और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद पुलिस कमिश्नरेट की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी सबूत एकत्र किए. पुलिस सोसाइटी और टावर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घटना के वक्त फ्लैट में कौनकौन मौजूद था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी तस्वीर
थाना प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत या किसी पर शक जाहिर नहीं किया गया है. महिला की मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.



