
थाना अजनर के ग्राम टिकरिया निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के अस्पताल में मौत हो गई। महिला के पति पुलिस विभाग में एसआइ हैं और इटावा की चकरनगर जैतपुरा चौकी में तैनात हैं।
मृतका के स्वजनों का आरोप है कि स्कार्पियो कार की मांग पूरी न होने पर पुत्री के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल वालों ने जबरन जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपित एसआइ अनोज के दोनों नंबरों पर काल की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। प्रभारी थानाध्यक्ष अजनर राधेश्याम सिंह ने बताया कि हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
ग्राम टिकरिया निवासी 26 वर्षीय संगीता की रविवार शाम जहरीला पदार्थ खाने से हालत बिगड़ गई और उसने छतरपुर (मप्र) के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतका के पिता योगेंद्र राजपूत ने थाना अजनर में दी तहरीर में बताया कि पुत्री संगीता की शादी 9 जुलाई 2024 को अनोज राजपूत के साथ की थी। दामाद एसआइ है और इटावा की चकरनगर जैतपुरा चौकी में तैनात है। शादी में 10 लाख नकद, प्लाट, सात तोला सोना और 500 ग्राम चांदी के जेवर दिए थे। इसके बाद भी ससुराल वाले स्कार्पियो की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर पति अनोज, ससुर जानकी प्रसाद, सास अखिलेश और देवर अनिल मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। सात सितंबर को शाम चार बजे संगीता ने फोन कर मारपीट की जानकारी दी, उसके बाद फोन बंद हो गया।
रात 9 बजे ससुराल पहुंचने पर पता चला कि उसे छतरपुर के अस्पताल ले गए हैं। वहां मंगलवार सुबह पहुंचने पर वह मृत मिली। वहीं उसका पोस्टमार्टम हुआ। पिता ने कार्रवाई की मांग की है।



