IndiaPunjabTrending

​चाकू मारकर महिला की हत्या, घर में फर्श पर खून से लथपथ लाश मिली, पति पर भी हमले की कोशिश

जीरकपुर मोहाली जिले के जीरकपुर में मंगलवार सुबह एक महिला की घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बिशनपुरा इलाके की दशमेश नगर कॉलोनी स्थित मकान नंबर 88 में महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला। उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। वारदात के दौरान घर में मौजूद महिला के दूसरे पति पर भी हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी तरह बच निकला।

मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है। पुलिस को हत्या के पीछे उसके पहले पति वेद प्रकाश पर शक है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हत्या के बाद से वेद प्रकाश फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सुबह 9 बजे मिली वारदात की सूचना
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को आपातकालीन नंबर 112 पर दशमेश नगर कॉलोनी के मकान नंबर 88 में महिला की खून से लथपथ लाश पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जीरकपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घर के अंदर और आसपास बारीकी से जांच कर कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या से जुड़े अन्य सुरागों की तलाश कर रही है।

पहले पति पर हत्या का शक, पुलिस कर रही तलाश
प्रारंभिक जांच में महिला के पहले पति के साथ चल रहे विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस दूसरे पति से भी पूछताछ कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply