Satya Report: इंग्लैंड की मेजबानी में 12 जून से खेले जाने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप को लेकर इसमें हिस्सा लेने वाली टीमों के पास तैयारी के लिए अधिक समय नहीं बचा है। वहीं कई दिग्गज महिला खिलाड़ियों का ये आईसीसी टूर्नामेंट आखिरी भी हो सकता है, जिसमें एक नाम न्यूजीलैंड की 38 साल की खिलाड़ी सूजी बेट्स का साफ हो गया है। कीवी महिला टीम की पूर्व कप्तान और शानदार ऑलराउंडर खिलाड़ी सूजी बेट्स ने टूर्नामेंट शुरू होने से 2 महीने पहले ये साफ कर दिया है कि ये उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी टूर्नामेंट होगा जिसके बाद वह रिटायरमेंट ले लेंगी। सूजी बेट्स का कमाल सिर्फ क्रिकेट के मैदान पर ही नहीं बल्कि ओलंपिक में भी देखने को मिला है।

न्यूजीलैंड महिला टीम की दिग्गज पूर्व कप्तान सूजी बेट्स को लेकर बात की जाए तो उनका इंटरनेशनल करियर 20 साल लंबा है। इसमें वह अभी भी महिला और पुरुष दोनों में टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। सूजी बेट्स ने टी20 इंटरनेशनल में 181 मुकाबले खेले हैं जिसमें उनके नाम 4717 रन बनाए हैं और इसमें एक शतकीय और 28 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। न्यूजीलैंड को अभी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपने स्क्वाड का ऐलान करना है, जिससे पहले सूजी बेट्स ने अपने फैसले के बारे में सभी को जानकारी दे दी है। साल 2024 में जब हुए पिछले महिला टी20 वर्ल्ड कप में कीवी टीम ने खिताब को अपने नाम किया था तो सूजी बेट्स उस स्क्वाड का हिस्सा थी। टी20 इंटरनेशनल के अलावा सूजी बेट्स का वनडे में भी बल्ले से कमाल देखने को मिला है जिसमें उन्होंने 181 मुकाबले खेले हैं और 5964 रन बनाने के साथ 13 शतकीय और 37 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं।
न्यूजीलैंड महिला टीम की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स का कमाल सिर्फ क्रिकेट मैदान पर ही नहीं देखने को मिला बल्कि वह ओलंपिक में भी हिस्सा ले चुकी हैं। साल 2008 में जब बीजिंग में ओलंपिक गेम्स का आयोजन किया गया था तो उसमें सूजी बेट्स न्यूजीलैंड की बास्केटबॉल टीम का हिस्सा थी और वह मुकाबला खेलने के लिए कोर्ट में उतरी थी। सूजी बेट्स का क्रिकेट में सिर्फ बल्ले से ही कमाल देखने को नहीं मिला बल्कि गेंदबाजी में भी उन्होंने अहम भूमिका अदा की है जिसमें उन्होंने वनडे में जहां 83 विकेट हासिल किए हैं तो वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम पर 62 विकेट दर्ज हैं। .



