
वाशिंगटन। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग तीन दिवसीय यात्रा पर वाशिंगटन पहुंचे, जहां अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी भव्य अगवानी की। शी और चीन की प्रथम महिला पेंग लियुआन को लेकर विमान बुधवार को स्थानीय समयानुसार शाम 5:39 बजे मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचा। यह छह महीने से भी कम समय में ट्रंप और शी के बीच दूसरी शिखर बैठक है। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने वाशिंगटन पहुंचने पर कहा कि चीन और अमेरिका को ”प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि साझेदार” होना चाहिए, तथा दोनों देश नए दौर में अपने संबंधों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने का रास्ता तलाश सकते हैं।
शी बोले दोनों देशों के हित गहराई से जुड़े
उन्होंने कहा कि दोनों देशों की जनता लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संपर्क बनाए हुए है और उनके हित एकदूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका को ”प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि साझेदार होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्र के महान पुनरुत्थान और अमेरिका को फिर से महान बनाने का प्रयास साथसाथ चल सकते हैं तथा दोनों देश एकदूसरे को सफल होने में मदद करने के साथ पूरी दुनिया के कल्याण को बढ़ावा दे सकते हैं। यह 2015 के बाद शी की वाशिंगटन की पहली यात्रा है। शी और ट्रंप के बीच बातचीत में व्यापार शुल्क, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता , सैन्य संबंध, पश्चिम एशिया में संघर्ष, रूसयूक्रेन युद्ध, अंतरिक्ष में हथियारों की होड़ और ताइवान को अमेरिका द्वारा हथियारों की बिक्री जैसे मुद्दे उठने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका जैसे दो प्रमुख देशों को नए दौर में एकदूसरे के साथ रहने का उचित तरीका तलाशना चाहिए। शी ने कहा कि दुनिया आगे बढ़ रही है और समय बदल रहा है, लेकिन चीन और अमेरिका के शांतिपूर्ण सहअस्तित्व का ऐतिहासिक तर्क नहीं बदला है, दोनों देशों की जनता के बीच मैत्रीपूर्ण आदानप्रदान की सद्भावना नहीं बदली है और चीन तथा अमेरिका से अंतरराष्ट्रीय समुदाय की व्यापक अपेक्षाएं भी नहीं बदली हैं। चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि वह द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक स्थिति से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर ट्रंप के साथ गहन विचारविमर्श करने, रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक चीनअमेरिका संबंधों के दायरे को लगातार व्यापक बनाने तथा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क और सहयोग के लिए अवसरों का विस्तार करने के इच्छुक हैं।
शी ने कहा कि वह दोस्ती को गहरा करने के लिए अमेरिका के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के साथ व्यापक रूप से संवाद करने के लिए भी उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के संयुक्त प्रयासों से उन्हें विश्वास है कि यह यात्रा निश्चित रूप से सार्थक परिणाम देगी, दोनों देशों की जनता के कल्याण में मदद करेगी और विश्व शांति के लिए उम्मीद बढ़ाएगी। चीनी प्रतिनिधिमंडल में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और केंद्रीय समिति के सामान्य कार्यालय के निदेशक काई छी तथा केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य एवं विदेश मंत्री वांग यी शामिल हैं।
एयरपोर्ट पर ट्रंप ने किया शी जिनपिंग का स्वागत
अप्रत्याशित कदम के तहत अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने बुधवार को मैरीलैंड स्थित ‘ज्वाइंट बेस एंड्रयूज’ पहुंचने पर शी चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत किया। ट्रंप द्वारा हवाई अड्डे पर शी का स्वागत किए जाने के दौरान अमेरिकी वायुसेना का बैंड रनवे पर कदमताल कर रहा था और अमेरिका तथा चीन के झंडे लहरा रहे थे। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, शी ने अमेरिका पहुंचने पर दिए लिखित भाषण में चीनी जनता की ओर से अमेरिकी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। शी ने कहा कि चीन और अमेरिका ”दोनों महान देश हैं तथा दोनों देशों की जनता भी महान है।” ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप स्थानीय समयानुसार शाम छह बजकर एक मिनट भारतीय समयानुसार तड़के तीन बजकर 31 मिनट पर शी और पेंग के विमान से उतरने पर सीढ़ियों के नीचे उनका इंतजार कर रहे थे।
1962 के बाद किसी विदेशी नेता का व्यक्तिगत रूप से स्वागत
मई में ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक चीनअमेरिका संबंध बनाने पर सहमति जताई थी, जिसने द्विपक्षीय संबंधों के भविष्य के विकास के लिए रणनीतिक दिशा प्रदान की है। वर्ष 1962 के बाद यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने सैन्य अड्डे पर किसी विदेशी नेता का व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया है। इससे इस यात्रा को ट्रंप द्वारा दिए जा रहे महत्व का संकेत मिलता है। 1962 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी ने ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री हेरोल्ड मैकमिलन का स्वागत किया था। शी ने कहा कि चीन और अमेरिका को एक ही दिशा में काम करना चाहिए और ऐसे स्थिर संबंधों को बढ़ावा देना चाहिए, जिनमें सहयोग मुख्य आधार हो, प्रतिस्पर्धा संयमित हो, मतभेदों को नियंत्रित किया जा सके तथा शांति के प्रति प्रतिबद्धता बनी रहे।
21 सदस्यीय सम्मान दल ने बैडं की धुन पर किया सम्मान
संक्षिप्त अभिवादन और स्वागत के बाद दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष और उनकी पत्नियां 100 फुट लंबे लाल कालीन पर आगे बढ़ीं। इस दौरान 21 सदस्यीय सम्मान दल सावधान की मुद्रा में खड़ा था और अमेरिकी वायुसेना के बैंड ने तोपों की औपचारिक सलामी के बीच संगीत बजाया। बैंड द्वारा अमेरिका और चीन के राष्ट्रगान बजाए जाने के दौरान अमेरिकी वायुसेना के दो बी1 बमवर्षक विमानों ने हवाई अड्डे के ऊपर से उड़ान भरी। शी और पेंग वाहनों के काफिले के साथ हवाई अड्डे से रवाना हुए, जबकि ट्रंप और मेलानिया अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस लौटने के लिए मरीन वन हेलीकॉप्टर में सवार हुए। चीनी प्रतिनिधिमंडल में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और केंद्रीय समिति के सामान्य कार्यालय के निदेशक काई छी तथा केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य एवं विदेश मंत्री वांग यी शामिल हैं।
किन मुद्दो पर चर्चा की संभावना
शी और ट्रंप के बीच बातचीत में व्यापार शुल्क, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता , सैन्य संबंध, पश्चिम एशिया में संघर्ष, रूसयूक्रेन युद्ध, अंतरिक्ष में हथियारों की होड़ और ताइवान को अमेरिकी हथियारों की बिक्री जैसे मुद्दे उठने की उम्मीद है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को न्यूयॉर्क में संवाददाताओं से कहा, ”अमेरिका और चीन के बीच संबंध 21वीं सदी को परिभाषित करेंगे।” रुबियो ने माना कि कई मुद्दों पर चीन और अमेरिका के बीच गंभीर मतभेद हैं। उन्होंने कहा कि अगर दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व एकदूसरे से संवाद नहीं करते हैं तो यह ”गैरजिम्मेदाराना” होगा।
रुबियो ने कहा, ”मेरा मानना है कि अब उच्चतम स्तर पर एकदूसरे से संवाद करने की जिम्मेदारी है। मुझे लगता है कि यह यात्रा इसी बात को दर्शाती है कि राष्ट्रपति का मानना है कि चीनी सरकार के साथ हमारे मतभेद और असहमतियां चाहे जो भी हों, यह कोई छोटा देश नहीं है।”
इस राजकीय यात्रा में बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस में औपचारिक राजकीय रात्रिभोज भी शामिल है। इसका उद्देश्य मई में ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान किए गए भव्य औपचारिक स्वागत का प्रत्युत्तर देना है।
डिनर टेबल पर साथ आयेंगे जेन्सेन हुआंग, एलन मस्क जैसे बडें बिजनेस मैन
मेलानिया ट्रंप ने बुधवार को इससे पहले कहा था कि उनके पति ने वाशिंगटन में शी के पहुंचने पर व्यक्तिगत रूप से उनका स्वागत करने का फैसला इसलिए किया क्योंकि दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं। उन्होंने ‘फॉक्स न्यूज चैनल’ के कार्यक्रम ‘फॉक्स एंड फ्रेंड्स’ को दिए साक्षात्कार में शी और उनकी पत्नी के बारे में कहा, ”वह हमारी धरती पर आ रहे हैं और हमें उनका पूरे सम्मान के साथ स्वागत करना चाहिए।”
बृहस्पतिवार को शी का व्हाइट हाउस में औपचारिक स्वागत किया जाएगा और वह सलामी गारद का निरीक्षण भी करेंगे। औपचारिक रात्रिभोज से पहले दोनों नेताओं के बंद कमरे में महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करने की उम्मीद है। इस रात्रिभोज में एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग और स्पेसएक्स के एलन मस्क जैसे प्रौद्योगिकी जगत के प्रमुख लोग शामिल होंगे।
हालांकि, ऐसी उम्मीद कम है कि इस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में कोई बड़ा बदलाव आएगा। शुक्रवार को शी और पेंग व्हाइट हाउस में ट्रंप दंपति के साथ चाय पर निजी मुलाकात करेंगे और इसके बाद वे वाशिंगटन स्थित राष्ट्रीय अभिलेखागार के दौरे पर उनके साथ जाएंगे। व्हाइट हाउस ने कहा है कि इस दौरान दोनों देशों के संबंधों को रेखांकित करने वाले ऐतिहासिक दस्तावेज उन्हें दिखाए जाएंगे।


