आईपीएल 2027 से पहले भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले इस धाकड़ ओपनर के टीम छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। खबरों के मुताबिक, कोलकाता नाइट राइडर्स उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश में जुटी है। इतना ही नहीं, अगर यह ट्रेड सफल होता है तो जायसवाल को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी मिल सकती है।

KKR ने राजस्थान रॉयल्स को दिया ट्रेड ऑफर?
क्रिकेट एडिक्टर की रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने यशस्वी जायसवाल को अपनी टीम में शामिल करने के लिए राजस्थान रॉयल्स से संपर्क किया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस संभावित ट्रेड में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन के साथ रमनदीप सिंह और कार्तिक त्यागी के नाम भी शामिल हैं।
KKR को एक मजबूत भारतीय बल्लेबाज की तलाश है, जो टीम के टॉप ऑर्डर को मजबूती देने के साथ भविष्य में कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाल सके। जायसवाल इस भूमिका के लिए फ्रेंचाइजी की पसंद बन सकते हैं। हालांकि, दोनों टीमों के बीच बातचीत को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अजिंक्य रहाणे के बाद नए कप्तान की तलाश
कोलकाता नाइट राइडर्स को आगामी सीजन के लिए नए कप्तान की जरूरत है। अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद टीम नेतृत्व के विकल्प तलाश रही है। ऐसे में यशस्वी जायसवाल को कप्तानी सौंपने की चर्चा हो रही है।
जायसवाल ने आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई है। वह पारी की शुरुआत करने के साथ जरूरत पड़ने पर लंबी पारियां खेलने की क्षमता रखते हैं। यही वजह है कि उन्हें भविष्य के कप्तान के तौर पर भी देखा जा रहा है।
लखनऊ सुपर जायंट्स भी रेस में
यशस्वी जायसवाल को लेकर पहले लखनऊ सुपर जायंट्स का नाम भी सामने आया था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि लखनऊ की टीम भी उन्हें अपने साथ जोड़ना चाहती है और कप्तानी का विकल्प दे सकती है। अब KKR की एंट्री से इस संभावित ट्रेड को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
हालांकि, फिलहाल जायसवाल के राजस्थान रॉयल्स छोड़ने या KKR में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में आईपीएल 2027 से पहले यह देखना दिलचस्प होगा कि यह स्टार बल्लेबाज किस फ्रेंचाइजी की जर्सी में नजर आता है।



