फिल्म ‘धुरंधर’ के रिलीज होने के बाद से अक्षय खन्ना हर जगह चर्चा में बने हुए हैं और इसकी वजह भी साफ है। फिल्म में उन्होंने रहमान डकैत का किरदार निभाया, जो काफी दमदार और आकर्षक रहा। इस रोल ने एक बार फिर लोगों को उनकी शानदार एक्टिंग की याद दिला दी। सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, इंडस्ट्री के लोग और अक्षय के साथ काम करने वाले कलाकार मानते हैं कि अक्षय खन्ना एक बहुत ही अच्छे इंसान भी हैं।

अक्षय खन्ना ज्यादा बोलते नहीं हैं, लेकिन सेट पर हर किसी के साथ बहुत ही प्यार और सम्मान से पेश आते हैं। अब हाल ही में अभिनेता अमित बहल ने एक इंटरव्यू में शूटिंग के दौरान हुआ एक किस्सा शेयर किया है। चलिए जानते हैं कि अमित ने अक्षय खन्ना को लेकर क्या बताया है।
जब अक्षय खन्ना को आया गुस्सा
सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में अमित बहल ने बताया कि कैसे एक कैरेक्टर आर्टिस्ट, जो दूसरे होटल में रुका हुआ था, लंच करने के लिए उस होटल में आ गया जहां अक्षय खन्ना और बाकी टीम रुकी हुई थी। बहल ने बताया, “जैसे ही उस आर्टिस्ट ने होटल के लंच बुफे से अपना पहला निवाला लिया, प्रोड्यूसर की पत्नी या किसी रिश्तेदार ने उसे देख लिया और गौर किया कि वह वहां का नहीं है और कहा कि उसे यह खाना नहीं खाना चाहिए।
फिर जैसे ही उसने खाना शुरू किया, प्रोडक्शन टीम से कोई आया और बोला, ‘सर, आप यह खाना नहीं खा सकते।’ वह एक्टर बहुत दुखी हुआ और उसने चुपचाप अपनी प्लेट एक तरफ रख दी और अकेले जाकर बैठ गया।”
अमित बहल ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे बताया कि अक्षय दूर से यह सब देख रहे थे, तुरंत बीच में आ गए। बहल ने कहा, “अक्षय, जो आमतौर पर बहुत कम बोलते हैं, उस दिन उन्होंने भूख और इज़्ज़त का असली मतलब समझाया। तभी मुझे एहसास हुआ कि वह अपने साथ काम करने वाले कलाकारों के लिए कितने संवेदनशील और सोचने वाले इंसान हैं।”
अभिनेता ने आगे बताया कि अक्षय उस दिन गुस्सा हो गए और उन्होंने प्रोड्यूसर से लेकर पूरी टीम तक सभी सबको डांटा। उन्होंने कहा, “फिल्म प्लेटों की संख्या या खाने से नहीं बनती, बल्कि लोगों की दुआओं से बनती है।” सच में ऐसा लग रहा था जैसे कोई ऐसा इंसान जो शायद ही कभी बोलता हो, उसने आखिरकार अपने अंदर का ज्वालामुखी बाहर निकाल दिया हो।



