
पंजाब के पटियाला की ऑफिसर कॉलोनी में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ अवैध प्रेम संबंधों के संदेह में एक युवक की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
मृतक की बहन अंजलि ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अरुण का एक विवाहित महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिवारों के बीच पिछले कई वर्षों से अच्छे संबंध थे और वे हर सुख-दुःख के मौके पर एक-दूसरे के घर आते-जाते थे। अंजलि का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते महिला के पति रवि शंकर ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अरुण पर लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल अवस्था में अरुण को एक टेम्पो में डालकर अस्पताल ले जाया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले के जांच अधिकारी एसआई बूटा सिंह ने जानकारी दी है कि पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



