CrimeIndiaRajasthanTrending

खेत में गाय जाने के विवाद में युवक को जीप से कुचला, मौत

Jaisalmer Crime News: जैसलमेर के भणियाणा थाना क्षेत्र के मेड़वा गांव में खेत में गाय चले जाने के विवाद में युवक जेठाराम मेघवाल की जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई. बाइक सवार जेठाराम को जीप से दो बार टक्कर मारी गई, जिससे गंभीर घायल होने पर जोधपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

Jaisalmer News : जैसलमेर जिले के भणियाणा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मेड़वा गांव में गाय के खेत में चले जाने से शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी रंजिश में बदल गया. आरोप है कि बाइक सवार एक युवक को जीप से दो बार जोरदार टक्कर मारकर कुचल दिया गया. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जोधपुर ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया.

भणियाणा थाना क्षेत्र के बारठ का गांव पंचायत अंतर्गत प्रभुपुरा निवासी जेठाराम (पुत्र चेतनाराम मेघवाल) की गाय गांव के ही जेठाराम (पुत्र हरदानराम मेघवाल) के खेत में चली गई थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद बढ़ गया था. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर राजीनामा कराने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बन सकी और दोनों पक्षों के बीच तनाव बरकरार रहा.

बाइक से जा रहे युवक को जीप से मारी दो बार टक्कर
मृतक के परिजनों के अनुसार, गुरुवार को जेठाराम किसी काम से बाइक लेकर मेड़वा गांव में खड़ा था. इसी दौरान आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ जीप में सवार होकर वहां पहुंचा. पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने जानबूझकर जेठाराम की बाइक को दो बार जोरदार टक्कर मारी. जीप की टक्कर से जेठाराम सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया.

जोधपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन घायल जेठाराम को लेकर अस्पताल पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत जोधपुर रेफर कर दिया. जोधपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान जेठाराम की मौत हो गई.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, नामजद केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) बुद्धाराम विश्नोई और थानाधिकारी महादेव गोदारा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं. भणियाणा थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply