
नोएडा, उत्तर प्रदेश: साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर न्यूयॉर्क में रह चुके भारतीय मूल के एक रिटायर्ड वकील को करीब 22 दिनों तक अपने जाल में फंसाए रखा। आरोपियों ने खुद को मुंबई पुलिस, सीबीआई और एनआईए का अधिकारी बताकर उन्हें पहलगाम आतंकी हमले और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन में फंसाने की धमकी दी। गिरफ्तारी के डर से पीड़ित ने अपनी रिटायरमेंट की जमा-पूंजी और निवेश की रकम तक ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दी। इस तरह उनसे करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़ित अतुल तलवार कई वर्षों तक न्यूयॉर्क में वकालत कर चुके हैं। वह वर्ष 1982 में दिल्ली से अमेरिका गए थे और करीब 30 साल तक वहां लेबर यूनियनों का प्रतिनिधित्व किया। 31 जुलाई 2026 को भारत आने के बाद वह गुरुग्राम में अपने भाई के पास रह रहे थे। इस दौरान नोएडा के सेक्टर-30 स्थित अपने पुश्तैनी मकान की मरम्मत भी करा रहे थे।
एक फोन कॉल से शुरू हुआ ठगी का खेल
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, 17 अक्टूबर को अतुल तलवार के पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन का कर्मचारी बताया। उसने दावा किया कि पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े मामले में उनका आधार कार्ड मिला है।
इसके बाद ठग ने आरोप लगाया कि उनके नाम पर खोले गए केनरा बैंक खाते में 53 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है और इस रकम के बदले उन्हें 5 करोड़ रुपये कमीशन मिला है। अतुल तलवार ने जब इन आरोपों को गलत बताया तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की धमकी दी गई।
CBI और NIA अधिकारी बनकर बढ़ाया दबाव
कुछ समय बाद ठगों ने व्हाट्सऐप पर कथित गोपनीय दस्तावेज भेजे और खुद को सीबीआई का सहायक निदेशक तथा एनआईए अधिकारी बताने लगे। इसके बाद ऑडियो और कॉल के जरिए अतुल तलवार पर लगातार निगरानी रखी जाने लगी।
उन्हें फोन काटने, घर से बाहर जाने और किसी दूसरे व्यक्ति से संपर्क करने से रोका गया। यहां तक कि घर पर आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी मांगी जाती थी। इस तरह उन्हें लगातार यह विश्वास दिलाया गया कि वह किसी गंभीर जांच के घेरे में हैं।
घर के पास आतंकियों की गिरफ्तारी का दिखाया फर्जी दृश्य
पीड़ित के मुताबिक, 18 अक्टूबर को ठगों ने उन्हें एक ऐसा दृश्य दिखाया, जिसमें उनके घर के आसपास दो कथित आतंकियों को गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई। इस पूरी घटना को जांच एजेंसियों की कार्रवाई की तरह पेश किया गया।
इससे अतुल तलवार का डर और बढ़ गया। उन्हें लगने लगा कि उनके खिलाफ वास्तव में आतंकवाद से जुड़ी जांच चल रही है और किसी भी समय गिरफ्तारी हो सकती है।
रिटायरमेंट की रकम और निवेश भी करवा लिया ट्रांसफर
19 अक्टूबर से ठगों ने कथित ऑनलाइन पूछताछ शुरू की। इस दौरान उन्होंने अतुल तलवार से बैंक खातों, निवेश और वित्तीय रिकॉर्ड की जानकारी हासिल कर ली।
इसके बाद आरोपियों ने सिटी बैंक के इंडिविजुअल रिटायरमेंट अकाउंट में जमा करीब 3.80 लाख अमेरिकी डॉलर की रकम भुनवाकर ट्रांसफर कराने को कहा। दो



