BollywoodBusinessChhattisgarhCricketCrimeDelhiDharamHaryanaIndiaTrending

‘तुम्हारी मुस्कान हमेशा दिल में रहेगी’, दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे फैन के निधन पर पवन कल्याण ने दी श्रद्धांजलि

अमरावती : आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने अपने प्रशंसक निरंजन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। दुर्लभ जेनेटिक बीमारी से जूझ रहे निरंजन की आखिरी इच्छा पवन कल्याण से मिलने की थी, जिसे अभिनेता सह राजनेता ने 17 जून को तेलंगाना के हनमकोंडा स्थित उनके घर जाकर पूरा किया था।

‘तुम्हारी मुस्कान हमेशा दिल में रहेगी’, दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे फैन के निधन पर पवन कल्याण ने दी श्रद्धांजलि

पवन कल्याण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “कुछ दिन पहले हनमकोंडा में निरंजन के घर जाकर उससे मुलाकात की यादें आज भी मेरी आंखों के सामने ताजा हैं। गंभीर बीमारी से लड़ते हुए भी वह मेरा इंतजार कर रहा था। मुझे देखते ही उसके चेहरे पर आई छोटीसी मुस्कान हमेशा मेरी यादों में रहेगी।”

निरंजन एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी से पीड़ित था। इस बीमारी के कारण उसका शारीरिक विकास रुक गया था और वह लंबे समय से बिस्तर पर ही था। उसकी अंतिम इच्छा अपने पसंदीदा अभिनेता पवन कल्याण से मिलने की थी।

पवन कल्याण ने लिखा, “भले ही निरंजन का शरीर बीमारी से लड़ रहा था, लेकिन उसका मन और हौसला बेहद मजबूत था। इतनी तकलीफ में भी उसने जिस उम्मीद और आत्मविश्वास के साथ जिंदगी का सामना किया, वह अनमोल है। इतने साहसी बच्चे का इतनी जल्दी दुनिया छोड़ जाना बेहद दुखद है। मैं उसके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस अपूरणीय दुख को सहने की शक्ति दें।”

उन्होंने आगे लिखा, “प्रिय निरंजन, तुम्हारी मुस्कान, तुम्हारा साहस और तुम्हारा प्यार हमेशा मेरे दिल में रहेगा। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।”

इधर, अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने भी वीडियो कॉल के जरिए निरंजन के मातापिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।

निरंजन के परिवार के अनुसार, वह सोनू सूद का भी बहुत बड़ा प्रशंसक था और उनसे मिलने की इच्छा रखता था।

जब 17 जून को पवन कल्याण निरंजन के घर पहुंचे थे, तब उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता दी थी और मंदिर का प्रसाद भी भेंट किया था। पवन कल्याण निरंजन के बिस्तर के पास बैठे, उसका हाथ थामा और उसके साथ सेल्फी भी ली।

उन्होंने निरंजन के मातापिता पोनुगोटी रंगोपाल और मानसा से उसके स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली। अपने प्रशंसक की हालत देखकर पवन कल्याण भावुक हो गए थे। उन्होंने निरंजन को गले लगाया, उसके माथे को चूमा और स्नेहपूर्वक उसके सिर पर हाथ फेरा।

निरंजन ने पवन कल्याण से कहा था कि वह बचपन से उनका प्रशंसक है। यह सुनकर अभिनेता भावुक हो गए। उन्होंने निरंजन के पुराने वीडियो और तस्वीरें भी देखीं, जिनमें वह स्वस्थ रहने के दौरान पवन कल्याण की तरह नृत्य और अभिनय की नकल करता हुआ नजर आ रहा था।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply