Prayagraj News: उत्तर प्रदेश की संगम नगरी से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. रोजीरोटी कमाने की खातिर सऊदी अरब गए प्रयागराज के एक युवक की उसके ही कमरे में रहने वाले बांग्लादेशी युवक ने हत्या कर दी. इस खबर के बाद से मृतक के गांव दलीपुर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है.

बहरिया थाना क्षेत्र के सिकंदरा कस्बे के दलीपुर गांव का रहने वाला 23 वर्षीय आकाश सरोज इसी साल जनवरी में बड़े अरमानों के साथ सऊदी अरब के अबूस्लासा गया था. आकाश के पिता गुलाब सरोज गांव में ही मजदूरी करते हैं. परिवार की आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए इंटर पास आकाश ने विदेश जाने का फैसला किया था. वह वहां अलअहसा नखलिस्तान शहर में बकरी चराने का काम करता था.
विवाद के बाद ईंटपत्थरों से किया हमला
मृतक के भाई के अनुसार, आकाश के साथ कमरे में एक बांग्लादेशी युवक भी रहता था. 9 मई की दोपहर परिजनों को सूचना मिली कि किसी बात पर हुए विवाद के बाद उस बांग्लादेशी युवक ने आकाश पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया. हमला इतना बर्बर था कि आकाश की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, स्थानीय पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी बांग्लादेशी को गिरफ्तार कर लिया है.
पीएम मोदी और सीएम योगी से गुहार
आकाश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था. उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है. परिजनों ने भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भावुक अपील की है. उन्होंने शासनप्रशासन और स्थानीय नेताओं से मांग की है कि आकाश के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके.



