Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में नर्सिंग की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के हॉस्टल में शुक्रवार को GNM अंतिम वर्ष की छात्रा का शव उसके कमरे में मिला. घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

हॉस्टल के कमरे में मिला शव
मृतका की पहचान सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के सईदुल्लापुर गांव निवासी दीप्ति यादव के रूप में हुई. वह इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग में GNM अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और कॉलेज के हॉस्टल में रह रही थी. पुलिस के मुताबिक, छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी कॉलेज प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
सुबह परिवार से हुई थी बात
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय दीप्ति ने परिवार को बताया था कि उसकी परीक्षा होने वाली है और वह घर नहीं आ पाएगी. परिजनों का कहना है कि फोन पर बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था. इसके कुछ समय बाद छात्रा की मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
दीप्ति की मौत के बाद उसके परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि वे मौके पर पहुंच पाते, उससे पहले ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि, अभी तक पुलिस की जांच में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने हॉस्टल के कमरे का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, बातचीत और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर सकती है. गौरीगंज सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्रा की मौत की सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है.



