Alwar News: राजस्थान के अलवर शहर में एक 13 वर्षीय मासूम छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का हृदयविदारक मामला सामने आया है. बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 4 बजे 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची ने घर में अकेले होने के दौरान फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. घटना का पता तब चला, जब बच्ची का 15 वर्षीय भाई स्कूल से घर लौटा. कमरे के अंदर बहन को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बच्ची घर पर बिल्कुल अकेली थी. उसके मातापिता अपनेअपने काम पर गए हुए थे. शाम करीब 4 बजे जब 15 वर्षीय बड़ा भाई स्कूल से घर आया, तो उसने कमरे में बहन को फंदे पर लटका पाया. उसने घबराकर तुरंत पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी. आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को फंदे से उतारकर तुरंत ईएसआईसी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
हॉस्टल में रहकर पढ़ती थी, ऑपरेशन के बाद आई थी घर
मृतका 8वीं कक्षा की छात्रा थी और अलवर में ही एक छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी. करीब दो महीने पहले उसका अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद से वह स्वास्थ्य लाभ के लिए अपने मातापिता के साथ घर पर ही रह रही थी.
घर में नहीं था कोई विवाद, पिता के मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाती थी छात्रा
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि घर में किसी भी तरह का कोई विवाद या तनाव नहीं था. वे और उनकी पत्नी रोज की तरह काम पर गए हुए थे. मूल रूप से डीग जिले का रहने वाला यह परिवार करीब तीन साल पहले रोजगार की तलाश में अलवर आकर बसा था. यहां पिता मजदूरी करते हैं, जबकि मां एक निजी कंपनी में काम करती हैं.
प्रारंभिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि छात्रा अपने पिता के मोबाइल फोन से इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करती थी. फिलहाल सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है. बगड़ तिराहा थाना पुलिस मोबाइल फोन और सोशल मीडिया एक्टिविटी समेत हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है.



