आज के इस डिजिटल दौर में दुनिया भर के ज्यादातर बिजनेस इंटरनेट पर निर्भर हो चुके हैं.कंपनियों के ईमेल, ऑनलाइन मीटिंग, डॉक्यूमेंट्स और डेटा स्टोरेज जैसे जरूरी काम इंटरेनट के जरिए ही होने लगे हैं. कंपनियों के ये काम जिस प्लेटफॉर्म के जरिए होता है, उनमें एक बड़ा नाम है माइक्रोसॉफ्ट. लेकिन 12 नवंबर को कंपनी की कई सर्विस में आई खामी के कारण दुनियाभर के यूजर्स को समस्या का सामना करना पड़ा है. Outlook से लेकर Teams और Microsoft 365 तक में आई समस्या ने दिखा दिया कि अगर एक बड़ी टेक कंपनी का सिस्टम रुक जाए तो दुनिया भर के कारोबार पर इसका कितना बड़ा असर पड़ सकता है.

Microsoft 365, Outlook और Teams में आई इस परेशानी के चलते यूजर्स न तो ठीक से ईमेल भेज पा रहे थे और न ही ऑनलाइन मीटिंग कर पा रहे थे. कई लोगों को जरूरी फाइलें खोलने में भी दिक्कत हुई. समस्या पांच घंटे से ज्यादा समय तक बनी रही. Microsoft ने बताया कि ज्यादा प्रेशर के दौरान उसके कुछ सर्वर अचानक उपलब्ध नहीं रह गए थे. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इसका असर OpenAI और Anthropic की कुछ सर्विस पर भी देखने को मिला है.
45 करोड़ से ज्यादा यूजर्स करते हैं Microsoft 365 का इस्तेमाल
Microsoft आज कंपनियों के लिए सिर्फ सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी नहीं है. बड़ी संख्या में दुनियाभर के बिजनेस इसके प्लेटफॉर्म पर चलते हैं. 365 के एंटरप्राइज यूजर्स की संख्या 45 करोड़ से ज्यादा है. Outlook से ईमेल भेजे जाते हैं, Teams पर मीटिंग होती है और SharePoint व OneDrive पर जरूरी डॉक्यूमेंट्स रखे जाते हैं. Word और Excel का इस्तेमाल तो लगभग हर ऑफिस में होता है. वहीं Azure के जरिए कंपनियां अपना डेटा और डिजिटल सर्विस ऑपरेट करती हैं.
एक ही कंपनी की सर्विस को इतने सारे काम होने का फायदा यह है कि कर्मचारियों को अलगअलग प्लेटफॉर्म इस्तेमाल नहीं करने पड़ते. लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है. अगर इसी सिस्टम में कोई बड़ी खराबी आ जाए तो उसका असर एक साथ कई कामों पर पड़ सकता है. 12 नवंबर की घटना में यही देखने को मिला.
कंपनियों के साथ सरकारी काम भी प्रभावित
इस बार परेशानी का असर कई कारोबारों तक पहुंचा. इलेक्ट्रिक ट्रक निर्माता Workhorse Group को अपनी कमाई से जुड़ी घोषणा टालनी पड़ी. वहीं जापान और ऑस्ट्रेलिया में भी सरकारी कामकाज प्रभावित होने की खबरें आईं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में खुफिया एजेंसियों और पुलिस से जुड़े काम पर भी इसका असर पड़ा. ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. जनवरी 2023 में नेटवर्किंग की समस्या के चलते Teams, Outlook, SharePoint और OneDrive जैसी सर्विस भी प्रभावित हुई थीं. भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन समेत कई देशों के यूजर्स को परेशानी हुई थी. जनवरी 2024 में भी Teams की सर्विस कई सेक्टर में प्रभावित हुई थीं.
अक्टूबर 2025 में Azure में आई खराबी ने भी कंपनियों को मुश्किल में डाल दिया था. उस दौरान Alaska एयरलाइन और Heathrow एयरपोर्ट के कामकाज पर भी असर पड़ा था. Alaska एयरलाइन ने घटना के बाद अपने आईटी सिस्टम की जांच कराने की बात कही थी.
कंपनियों के पास क्या है दूसरा रास्ता?
बारबार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस से दूरी बनाने की बात हो सकती है, लेकिन हकीकत में ऐसा करना आसान नहीं है. कंपनियों ने अपने कामकाज का बड़ा हिस्सा इन्हीं सर्विस के अनुसार डिजाइन कर लिया है. इन्हें अचानक बदलने में समय और पैसा दोनों लगेंगे.
ऐसे में बेहतर रास्ता यह है कि कंपनियां सिर्फ एक टेक कंपनी के भरोसे न रहें. जरूरी डेटा का अलग बैकअप रखें और दूसरी क्लाउड सर्विस के ऑप्शन को भी तैयार रखें. ईमेल और मीटिंग के लिए भी कोई व्यवस्था तैयार रखनी चाहिए. साथ ही समयसमय पर यह जांचना जरूरी है कि मेन सिस्टम बंद होने पर बैकअप वास्तव में काम करेगा या नहीं.



