Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर रोड पर बने बिना संकेतक वाले स्पीड ब्रेकर के कारण हुए हादसे का मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आ गया है. सड़क पर बने स्पीड ब्रेकरों पर सफेद रंग की मार्किंग नहीं होने के कारण बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया था. इस पूरी घटना का वीडियो पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया था. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे. अब खबर का असर दिखाई देने लगा है और प्राधिकरण ने 130 मीटर रोड पर जगहजगह बने स्पीड ब्रेकरों पर सफेद रंग की मार्किंग करानी शुरू कर दी है.

अचानक सामने आया स्पीड ब्रेकर, बाइक सवार सड़क पर गिरा
डैशकैम में रिकॉर्ड यह घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. वीडियो में दिखाई देता है कि एक बाइक सवार 130 मीटर रोड से गुजर रहा था. इसी दौरान अचानक सामने आए स्पीड ब्रेकर से उसकी बाइक उछल जाती है. संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक सवार सड़क पर गिरकर कुछ दूर तक घिसटता चला जाता है. पीछे चल रही कार के डैशकैम में हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद हो गया.
ये भी पढे़ं
न मार्किंग थी, न रिफ्लेक्टर; दूर से नहीं दिख रहा था ब्रेकर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर बने कई स्पीड ब्रेकरों पर न तो सफेद रंग की मार्किंग थी और न ही रिफ्लेक्टर लगाए गए थे. ऐसे में रात के समय वाहन चालकों को दूर से स्पीड ब्रेकर दिखाई नहीं देते थे. अचानक ब्रेकर सामने आने से वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने और हादसे होने का खतरा बना रहता है. लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सुधार की मांग की थी.
प्राधिकरण ने शुरू कराई मार्किंग
मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद अब प्राधिकरण ने 130 मीटर रोड पर बने स्पीड ब्रेकरों पर मार्किंग करानी शुरू कर दी है. अलगअलग स्थानों पर सफेद रंग से निशान बनाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालकों को दूर से ही स्पीड ब्रेकर दिखाई दे सकें और वे अपनी रफ्तार कम कर सकें.
वहीं नोएडा पुलिस के मीडिया सेल के मुताबिक, हादसे को लेकर अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है. हालांकि इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के इंतजामों और रखरखाव को लेकर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.



