CrimeHimachal PradeshIndia

HRTC के 46 वर्षीय चालक की क्वार्टर में मिली लाश, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; मौत की वजह पर सस्पेंस

HRTC के 46 वर्षीय चालक की क्वार्टर में मिली लाश, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; मौत की वजह पर सस्पेंस

आनी, कुल्लू, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के रामपुर डिपो में तैनात 46 वर्षीय चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह चाटी स्थित अपने क्वार्टर में बेहोशी की हालत में मिले थे। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।

मृतक की पहचान संतोष कुमार (46) पुत्र स्वर्गीय रमेश चंद के रूप में हुई है। वह मंडी जिले की सरकाघाट तहसील के गांव लूणाधा के रहने वाले थे और रामपुर डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को संतोष कुमार अपने चाटी स्थित क्वार्टर में थे। इसी दौरान उनके साथी परिचालक आकाश कौंडल और प्रकाश बहादुर ने उन्हें कमरे में बेहोश पाया। दोनों कर्मचारी उन्हें बिना देरी किए एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर ब्रौ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक फोटोग्राफी की। पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने को मौत की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल परिवार की ओर से मौत को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया गया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply