
रायपुर, छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर में एक छात्र को ई-रिक्शा से सफर करना उस समय महंगा पड़ गया, जब चालक ने ₹500 के खुले पैसे लाने का बहाना बनाकर उसका कीमती सामान ही चोरी कर लिया। आरोपी छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद आरोपी ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है।
बस स्टैंड पहुंचाने के बजाय चौक पर उतारा
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्र उपांशु राव रायपुर के साईं एकेडमी इंडोर स्टेडियम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेता है। 6 नवंबर को वह अपने आर्चरी उपकरणों से भरा ट्रॉली बैग लेकर ई-रिक्शा से भाठागांव बस स्टैंड जाने के लिए निकला था। सफर के दौरान उसने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग के लिए ई-रिक्शा में लगा दिया था।
आरोप है कि चालक उसे बस स्टैंड पहुंचाने के बजाय भाठागांव चौक पर ही उतार दिया। जब छात्र ने किराये के रूप में ₹500 का नोट दिया तो चालक ने खुले पैसे लाने की बात कही। इसी बहाने वह ई-रिक्शा में रखे ट्रॉली बैग में मौजूद आर्चरी उपकरण और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
सामान चोरी होने के बाद छात्र ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम को आरोपी की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा ई-रिक्शा की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद ली गई। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में अहम जानकारी मिली।
आरोपी के पास से पूरा सामान बरामद
जांच में आरोपी की पहचान विल्सन ब्राउन के रूप में हुई, जो बोरियाखुर्द इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी आर्चरी उपकरण, एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा जब्त कर लिया गया। ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नंबर CG 04 NZ 3733 बताया गया है।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, 31 वर्षीय विल्सन ब्राउन के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हो चुके हैं। इन मामलों में वह पहले जेल भी जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने चोरी के मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की है।
यह खबर पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है। मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Satya Report



