उत्तर प्रदेश में सोमवार की सुबह घने कोहरे के आगोश में होगी. छठ महापर्व के लिए सुबह की अर्घ्य भी कोहरे में ही होगी. संभावित स्थिति को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को ठंड में भी इजाफा हो सकता है. हालांकि इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है. दिल्ली में भी कई जगहों पर कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक ठंड ने अब तेजी से पांव पसारना शुरू कर दिया है. ठंड के साथ ही प्रदेश में कोहरे की चादर भी लगातार गहरी होती जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के 22 से अधिक जिले घने कोहरे की चपेट में होंगे. मौसम सूखा रहेगा, हवा भी सामान्य गति से चल सकती है.
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग ने रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का अंदेशा जाहिर किया है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 22 जिलों के तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. वहीं अन्य जिलों के तापमान में भी थोड़ा बहुत अंतर देखने को मिल सकता है. ऐसी स्थिति में प्रदेश वासियों के लिए ठंड का अनुभव बढ़ जाएगा.
UP के इन जिलों में अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश में कहीं बारिश होने की संभावना नहीं जताई है. बल्कि जारी अलर्ट में बताया गया है कि कोहरे का दायरा बढ़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती आदि जिलों की सुबह घने कोहरे के आगोश में होगी. संत कबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर और आजमगढ़ आदि जिलों में भी घना कोहरा छा सकता है. इन सभी जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
वहीं दिल्ली में वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को भी दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रहने की संभावना है. इसके बाद 17 और 18 नवंबर को इसके फिर से बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है. छह दिनों तक भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब रहने की आशंका है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हो जाएगा. सोमवार को बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. वहीं बिहार में भी मौसम के साफ रहने की संभावना है. बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि हवा चलने की वजह से सुबहशाम ठंड बढ़ सकती है.



