IndiaTrendingUttar Pradesh

छठ पर घर लौटने वालों को बड़ी राहत, यूपी में दौड़ेंगी 14 हजार बसें; रात में भी मिलेगा सफर का विकल्प

छठ पर घर लौटने वालों को बड़ी राहत, यूपी में दौड़ेंगी 14 हजार बसें; रात में भी मिलेगा सफर का विकल्प

लखनऊ, उत्तर प्रदेश: छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश रोडवेज ने विशेष इंतजाम किए हैं। पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 14 हजार से अधिक बसों का संचालन किया जाएगा। खासतौर पर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ से पूर्वांचल जाने वाले लोगों को राहत देने के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। परिवहन विभाग के मुताबिक, फिलहाल रात के समय भी करीब पांच हजार बसें सड़कों पर चल रही हैं।

अपर मुख्य सचिव परिवहन अमृत अभिजात ने बताया कि छठ पर्व पर पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन निगम को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने और यात्रियों का आवागमन सुचारु बनाए रखने को कहा गया है।

दिल्ली से पूर्वांचल के प्रमुख शहरों के लिए करीब 550 बसें संचालित हो रही हैं। इससे दूसरे राज्यों और बड़े शहरों में काम करने वाले लोगों को त्योहार पर अपने घर पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

रात में भी चल रहीं पांच हजार बसें

परिवहन विभाग के अनुसार, रात के समय यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में प्रतिदिन दो लाख से अधिक लोग रात में सफर कर रहे हैं। ऐसे में करीब पांच हजार बसें रात के समय संचालित की जा रही हैं।

सरकार ने सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। रात में बसों की उपलब्धता बढ़ने से नौकरीपेशा महिलाओं, छात्राओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को भी अपनी सुविधा के अनुसार सफर करने का विकल्प मिलेगा।

रेलवे ने भी यात्रियों के लिए चलाईं विशेष ट्रेनें

छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी 14 नवंबर को दिल्ली से बनारस और चंडीगढ़ से मऊ के लिए एक-एक फेरे की विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दोनों ट्रेनें लखनऊ होकर गुजरेंगी।

नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन संख्या 04248 शाम 6 बजे रवाना होगी। यह गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई होते हुए रात 2:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां 10 मिनट रुकने के बाद ट्रेन सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी होते हुए सुबह 9 बजे बनारस पहुंचेगी। इसमें एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच होंगे।

वहीं, ट्रेन संख्या 04532 चंडीगढ़ से 14 नवंबर की रात 11:30 बजे रवाना होगी। यह अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर होते हुए अगले दिन सुबह 11:35 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां 10 मिनट रुकने के बाद रायबरेली, मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़, वाराणसी जंक्शन और औड़िहार होते हुए रात 9:30 बजे मऊ पहुंचेगी। इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।

छठ पर्व पर रोडवेज की अतिरिक्त बसों और रेलवे की विशेष ट्रेनों से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply