
कानपुर, उत्तर प्रदेश: चोरी-छिपे मछली खाने की बात छिपा रहे 77 वर्षीय बुजुर्ग की परेशानी आखिरकार डॉक्टरों के सामने ही राज खोल गई। उनके गले में मछली का कांटा करीब 20 दिनों तक फंसा रहा। इस दौरान उन्होंने चार अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन कांटा नहीं निकल सका। आखिर में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से महज 20 मिनट में कांटा बाहर निकाल दिया।
कांटा निकलने के बाद बुजुर्ग ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘अब तो चोरी पकड़ ली गई।’ दरअसल, अस्पताल पहुंचने पर जब डॉक्टरों ने उनसे खानपान के बारे में पूछा तो परिजनों ने खुद को शाकाहारी बताया था। बुजुर्ग ने भी मछली या किसी अन्य मांसाहारी भोजन के सेवन की बात स्वीकार नहीं की थी।
25 अक्टूबर को गले में फंस गया था कांटा
जानकारी के मुताबिक, बर्रा निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग के गले में 25 अक्टूबर को मछली का कांटा फंस गया था। इसके बाद उन्हें निगलने में परेशानी होने लगी और गले में लगातार असहजता बनी रही।
परिजन उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में लेकर पहुंचे। वहां एंडोस्कोपी के जरिए कांटा निकालने के चार प्रयास किए गए, लेकिन डॉक्टरों को सफलता नहीं मिली। इसके बाद बुजुर्ग को लखनऊ रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उन्हें जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग ले पहुंचे।
20 मिनट में डॉक्टरों ने निकाला कांटा
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रो. संजय काला के मार्गदर्शन में सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. आरके जौहरी और उनकी टीम ने मरीज का उपचार किया। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपिक प्रक्रिया के दौरान रैट टूथ फॉरेन बॉडी रिमूवल फॉरसेप्स की मदद से गले में गहराई तक फंसे कांटे को सफलतापूर्वक निकाल लिया।
इस पूरी प्रक्रिया में करीब 20 मिनट लगे। पहले कई जगह प्रयास विफल होने के बाद कांटा निकलने से बुजुर्ग और उनके परिजनों को राहत मिली।
गले में फंसी बाहरी वस्तु बन सकती है गंभीर परेशानी
डॉ. आरके जौहरी ने बताया कि गले में फंसी कोई बाहरी वस्तु आसपास के ऊतकों को नुकसान पहुंचा सकती है। कांटा किस जगह और किस दिशा में फंसा है, इसके आधार पर गंभीर जटिलताएं भी पैदा हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समय पर विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार कराना जरूरी है। आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से कई जटिल मामलों में बिना ओपन सर्जरी के भी सुरक्षित उपचार किया जा सकता है।
इस मामले में भी बुजुर्ग को करीब 20 दिनों की परेशानी के बाद राहत मिली।



