देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. देश की राजधानी दिल्ली से लेकर राजधानी पटना तक के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही घाट पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा 2026 का आज तीसरा दिन है. आज शाम के समय डूबते सूर्य को पहला अर्ध्य दिया. व्रती महिलाओं ने खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास रखा हुआ है.

अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा. इस बीच दिल्ली के आईटीओ के छठ घाट पर लाखों की संख्या में व्रती महिलाएं अपने परिवार के साथ पूजा पाठ का सामान सर पर रखकर पूजा करने आ रही है. सुरक्षा के भी खास इंतजाम किए गए हैं. इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
छठी मैया के जयकारों से गूंजा घाट
छठ पर्व के अंतिम दिन कल सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न होगा और व्रती महिलाएं पारण कर व्रत का समापन करेंगी. पूरे घाट पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है और छठी मैया के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है.



