India

​दुनियाभर में बदल गई मोटापे की परिभाषा, आपको क्या जानना चाहिए?

मोटापा यानी शरीर में जरूरत से ज्यादा चर्बी जमा होना. अब तक ज्यादातर लोग मोटापे का पता लगाने के लिए BMI यानी बॉडी मास इंडेक्स का सहारा लेते आए हैं. डॉक्टर भी अक्सर किसी व्यक्ति की लंबाई और वजन के आधार पर ये बताते हैं कि उसका वजन नॉर्मल, कम है या ज्यादा. लेकिन क्या सिर्फ लंबाई और वजन से ये पता लगाया जा सकता है कि कोई व्यक्ति असल में मोटापे का शिकार है या नहीं? इसका जवाब है हमेशा नहीं.

​दुनियाभर में बदल गई मोटापे की परिभाषा, आपको क्या जानना चाहिए?

कई बार ऐसा होता है कि किसी व्यक्ति का वजन नॉर्मल दिखाई देता है, लेकिन उसके पेट और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में काफी चर्बी जमा होती है. दूसरी ओर, कुछ लोगों का वजन ज्यादा होने के बावजूद उनके शरीर में चर्बी कम और मांसपेशियां ज्यादा होती हैं. ऐसे में केवल BMI के आधार पर मोटापे का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है. इसी परेशानी को दूर करने के लिए वैज्ञानिकों ने मोटापे को समझने और उसकी पहचान करने का नया तरीका पेश किया है.

नए तरीके में लंबाईवजन आधार नहीं

इस नए तरीके में केवल शरीर की लंबाई और वजन को ही आधार नहीं बनाया जाता, बल्कि कमर का घेरा, शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को भी देखा जाता है. नई रिसर्च में सामने आया है कि मोटापे का ये तरीका BMI के मुकाबले किसी व्यक्ति की मौत के जोखिम का बेहतर अनुमान लगाने में मदद कर सकता है.

इसका मतलब ये नहीं है कि BMI पूरी तरह बेकार हो गया है, बल्कि अब मोटापे को समझने के लिए शरीर की बनावट और चर्बी की मात्रा को भी महत्व दिया जा रहा है. इस तरीके से उन लोगों की पहचान करना आसान हो सकता है, जिन्हें बाहर से देखकर स्वस्थ समझ लिया जाता है, लेकिन अंदर ही अंदर उनके शरीर में चर्बी से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही होती हैं.

BMI से कैसे होती है मोटापे की जांच?

पहले BMI के बारे में जान लेचे हैं, जिसका पूरा नाम बॉडी मास इंडेक्स है. इसे निकालने के लिए व्यक्ति के वजन को उसकी लंबाई के स्क्वायर को डिवाइड किया जाता है. आमतौर पर BMI 18.5 से 24.9 के बीच नॉर्मल माना जाता है, जबकि 30 या उससे ज्यादा होने पर मोटापे की कैटेगरी में रखा जाता है. हालांकि, ये तरीका शरीर में मौजूद चर्बी और मांसपेशियों के बीच अंतर नहीं बता पाता.

यही वजह है कि वैज्ञानिक अब मोटापे को केवल वजन बढ़ने की समस्या के तौर पर नहीं देखते. उनका मानना है कि ये समझना ज्यादा जरूरी है कि शरीर में कितनी चर्बी जमा है, वो कहां जमा है और उसका शरीर के अंगों पर क्या असर पड़ रहा है. खासकर पेट के आसपास जमा चर्बी को ज्यादा खतरनाक माना जाता है. इससे दिल की बीमारी, टाइप2 डायबिटीज और दूसरी मेटाबॉलिक समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इसमें 8 लाख से ज्यादा लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े आंकड़ों का एनालिसिस किया गया.

नई रिसर्च में क्या सामने आया है?

वैज्ञानिकों ने मोटापे की पहचान के लिए CADObesity यानी Combined Anthropometric Definition of Obesity नाम का तरीका इस्तेमाल किया है. ये केवल BMI पर निर्भर नहीं करता, बल्कि कमर के घेरे और शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी को भी ध्यान में रखता है. इस रिसर्च के लिए चीन, स्पेन, ब्रिटेन और अमेरिका के चार बड़े समूहों के लोगों के मेडिकल रिकॉर्ड देखे गए. इनमें से तीन समूहों के आंकड़ों में 50 हजार से ज्यादा मौतों का रिकॉर्ड शामिल था.

वैज्ञानिकों ने करीब 15 साल तक के आंकड़ों के आधार पर ये समझने की कोशिश की कि BMI और नए तरीके में से कौन व्यक्ति की मृत्यु के जोखिम का बेहतर अनुमान लगा सकता है. जिसके बाद रिसर्च में पाया गया कि BMI के आधार पर मोटापे की पहचान करने पर कई ऐसे लोग छूट सकते हैं, जिनके शरीर में जरूरत से ज्यादा चर्बी मौजूद है और जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी खतरा है. वहीं, नए तरीके से मोटापे की पहचान ज्यादा बेहतर तरीके से की जा सकती है.

इस नए तरीके में मोटापे को दो तरीकों में डिवाइड किया गया है:

  • क्लिनिकल मोटापा : इस स्थिति में शरीर में अतिरिक्त चर्बी के कारण अंगों और शरीर के सामान्य कामकाज पर बुरा असर पड़ने लगता है. इसमें हार्ट फेलियर, नींद के दौरान सांस रुकने जैसी समस्या और दूसरी स्वास्थ्य परेशानियां शामिल हो सकती हैं.
  • प्रीक्लिनिकल मोटापा : इसमें व्यक्ति के शरीर में जरूरत से ज्यादा चर्बी तो होती है, लेकिन अभी उसके अंग सामान्य रूप से काम कर रहे होते हैं. हालांकि, भविष्य में बीमारियों का खतरा बना रह सकता है.

इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यह हो सकता है कि मोटापे की पहचान पहले के मुकाबले ज्यादा सही तरीके से हो सकेगी.

छिपा हुआ मोटापा पकड़ में आएगा

कई लोगों का BMI नॉर्मल होता है, लेकिन उनके पेट के आसपास काफी चर्बी जमा होती है. ऐसे लोगों को भी आगे कभी दिल और डायबिटीज से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं. कमर का घेरा देखने से ऐसे मामलों की पहचान में मदद मिल सकती है.

मांसपेशियों और चर्बी में अंतर समझ आएगा

जिम जाने वाले और नियमित व्यायाम करने वाले लोगों की मांसपेशियां ज्यादा हो सकती हैं. ऐसे में उनका वजन ज्यादा होने की वजह BMI भी बढ़ सकता है. लेकिन, इसका मतलब ये नहीं कि वो मोटापे से पीड़ित हैं. नई व्यवस्था में शरीर की बनावट को भी महत्व दिया जाएगा.

दिल और डायबिटीज का खतरा समझने में मदद मिलेगी

पेट के आसपास जमा अतिरिक्त चर्बी कई बीमारियों से जुड़ी होती है. कमर के घेरे और शरीर में चर्बी की मात्रा को देखकर डॉक्टर स्वास्थ्य संबंधी जोखिम का बेहतर अंदाजा लगा सकते हैं. समय से पता लगने की वजह से बीमारी का इलाज भी वक्त पर हो जाता है.

इलाज हर व्यक्ति के हिसाब से तय होगा

हर मोटे व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति एक जैसी नहीं होती. किसी को केवल वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है, जबकि किसी दूसरे व्यक्ति को इसके कारण दिल या दूसरी बीमारियां भी हो सकती हैं. नई व्यवस्था से इलाज और देखभाल की योजना व्यक्ति की जरूरत के अनुसार बनाने में मदद मिल सकती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply