
नोएडा, उत्तर प्रदेश: किसी अनजान व्यक्ति को कार में लिफ्ट देना एक चालक को महंगा पड़ गया। नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में एक महिला पर कार चालक की सोने की चेन चोरी कर फरार होने का आरोप लगा है। महिला कुछ दूर सफर करने के बाद रास्ते में उतर गई। जब चालक अपने घर पहुंचा और गले पर नजर पड़ी, तो उसकी चेन गायब थी। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
छपरौला स्थित डिफेंस एन्क्लेव निवासी अनूप कुमार उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे वह अपनी कार से नोएडा एक्सटेंशन स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान काउंटी सोसाइटी के पास एक महिला ने उनसे लिफ्ट मांगी। उन्होंने महिला को कार में बैठा लिया।
शिकायत के मुताबिक, महिला करीब 800 मीटर तक कार में सफर करने के बाद गढ़ी चौकी के सामने उतर गई। इसके बाद वह वहां से चली गई। जब अनूप कुमार घर पहुंचे, तो उन्हें गले से सोने की चेन गायब मिली। उन्हें शक हुआ कि कार में लिफ्ट लेकर बैठी महिला ही चेन लेकर गई है।
पीड़ित की शिकायत पर फेज-3 थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि महिला की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
Satya Report: मामले में पुलिस जांच जारी है। महिला पर लगाए गए चोरी के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



