
डिब्रूगढ़, असम: ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपये गंवाने और कर्ज के दबाव में एक युवक ने कथित तौर पर ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। आरोप है कि परिवार के घर में रहने वाले केयरटेकर ने अपने साथी के साथ मिलकर तीन लोगों की हत्या कर दी और वारदात को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से नकदी, गहने और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पिता से उधार लिए थे 4 लाख रुपये
मामला डिब्रूगढ़ जिले के डुलियाजान स्थित कमलाबाड़ी इलाके का है। यहां चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां अपने घर में मृत पाए गए थे। चंद्रकांत ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी थे।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी 30 वर्षीय राजू दास उसी घर में केयरटेकर के तौर पर काम करता था और वहां किराएदार भी था। उसने अपने पिता से करीब 4 लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन पूरी रकम ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दी।
इसके बाद उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ने लगा। पुलिस का आरोप है कि इसी परेशानी से निकलने के लिए उसने घर में लूटपाट की योजना बनाई और अपने साथी अमीर दास को भी इसमें शामिल कर लिया।
घर में घुसकर तीन लोगों पर किया हमला
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, राजू और उसका साथी सुबह करीब 8:30 बजे घर में दाखिल हुए थे। आरोप है कि दोनों ने लोहे की रॉड और हथौड़े से परिवार के सदस्यों पर हमला किया।
जांच में सामने आया कि सबसे पहले एलिजा भुइयां को निशाना बनाया गया। इसके बाद उनकी बेटी निहारिका और चंद्रकांत भुइयां की भी हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोपहर करीब 12:15 बजे घर से निकले और वहां से कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
गुवाहाटी के रास्ते बेंगलुरु भागने की थी तैयारी
वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी और फिर वहां से बेंगलुरु जाने की योजना बनाई थी। पुलिस जांच में पता चला कि घटना से करीब तीन दिन पहले दोनों फोन पर लगातार संपर्क में थे। इसी दौरान कथित तौर पर हत्या और लूट की योजना तैयार की गई थी।
दोनों आरोपी अवध असम एक्सप्रेस से गुवाहाटी जाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने मंगलवार को शिवसागर जिले के सिमालुगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से उन्हें पकड़ लिया।
नकदी और लाखों के गहने बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 15 हजार रुपये नकद, लगभग 2.5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात से पहले दोनों ने किस तरह योजना बनाई और लूटे गए सामान को कहां ले जाने का इरादा था।
Satya Report Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी पुलिस की शुरुआती जांच और उपलब्ध रिपोर्टों पर आधारित है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में साक्ष्यों और सुनवाई के बाद होगी।



