CrimeIndia

​‘पिल्लों से बात नहीं करता, बाप को…’, तो ये थी लड़ाई की असली वजह, सामने आई परमजीत हत्याकांड की वो कहानी

Faridabad News: फरीदाबाद के सेक्टर21सी परमजीत धनखड़ की हत्या के मामले में पुलिस रिमांड के दौरान एक के बाद एक सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. आरोपी स्क्रैप कारोबारी मोनू शर्मा ने जिस बेरहमी से परमजीत को गोलियों से भूना, उसकी नींव 4 साल पहले मोनू के घर आए एक जर्मन शेफर्ड कुत्ते की गंदगी से पड़ी थी. इसके बाद 22 अक्टूबर को पार्किंग गेट को लेकर हुए विवाद में मोनू ने परमजीत के बेटे शौर्य से कहा था “मैं पिल्लों से बात नहीं करता, अपने बाप को बुलाकर लाओ.” इसी विवाद में अनखीर चौकी में परमजीत के साथियों द्वारा की गई पिटाई और बेइज्जती का बदला लेने के लिए मोनू ने 6 नवंबर की रात परमजीत की हत्या कर दी.

​‘पिल्लों से बात नहीं करता, बाप को…’, तो ये थी लड़ाई की असली वजह, सामने आई परमजीत हत्याकांड की वो कहानी

दोनों परिवारों के बीच करीब 4 साल से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि मोनू शर्मा के घर जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता आने के बाद से कहासुनी शुरू हुई थी. आरोप है कि मोनू का नौकर कुत्ते को परमजीत के घर के सामने पॉटी कराता था. इस बात को लेकर कई बार दोनों परिवारों में तीखी बहस हुई. बाद में घर के बाहर गाड़ियां खड़ी करने और पार्किंग की जगह को लेकर भी तनातनी रहने लगी.

22 अक्टूबर को बेटे से कहा था “पिल्लों से बात नहीं करता”: पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को मोनू शर्मा का परमजीत के बेटे शौर्य से विवाद हुआ था. शौर्य ने मोनू से टूटे हुए पार्किंग गेट को ठीक कराने के लिए कहा था. इस पर मोनू ने कथित तौर पर अकड़ दिखाते हुए कहा कि “अपने बाप को बुलाकर लाओ, मैं पिल्लों से बात नहीं करता.” इसके बाद मामला अनखीर चौकी पहुंच गया, जहां परमजीत के साथियों ने मोनू के साथ हाथापाई और पिटाई कर दी थी.

हत्या से ठीक पहले की बातचीत

6 नवंबर की रात करीब 9 बजे का 2 मिनट का CCTV फुटेज और पुलिस पूछताछ में सामने आई दोनों की आखिरी बातचीत रोंगटे खड़े कर देने वाली है:

मोनू शर्मा: साहब गाड़ी लगानी है. एक बार नीचे आ जाओ.
मोनू शर्मा: भैया भगवान में विश्वास रखते हो? आपने देखा है विधवा क्या होती है?
परमजीत: काम बताओ.
मोनू शर्मा: मुझे आपसे एक बात पूछनी है, विधवा क्या होती है? भैया आपने मुझे 20 लोगों से पिटवा दिया.
परमजीत: मैं बिल्कुल एक बात बता रहा हूं आपको, मैंने आपको नहीं पिटवाया है.
मोनू शर्मा: लेकिन आपके साथी…
परमजीत: बात करो या सीधी बात करो.
मोनू शर्मा: बात ही नहीं करनी है.
मोनू शर्मा: तेरा बाप कौन है जानता है तू? एक मिनट, इधर आओ. जाता कहां है?
परमजीत: मेरे को बातचीत करनी ही नहीं है. कोई काम है तो बताओ.

इसके ठीक बाद मोनू शर्मा ने पैंट की जेब से लोडेड पिस्टल निकालकर परमजीत पर फायरिंग कर दी. परमजीत ने मोनू को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने दोबारा गोलियां चला दीं.

वारदात से पहले डांस करते हुए आया था घर

पुलिस के अनुसार, चौकी में हुई बेइज्जती का बदला लेने के लिए मोनू ने हत्या की साजिश रची. वारदात से पहले वह बाहर से डांस करते हुए घर पहुंचा था और करीब 5 मिनट बाद पिस्टल व मैगजीन लेकर नीचे आया था. उसने बेल बजाकर परमजीत को ‘भाई साहब’ कहकर नीचे बुलाया और कत्ल कर दिया. स्क्रैप कारोबारी मोनू के पास लैम्बॉर्गिनी , मर्सिडीजबेंज और BMW समेत करोड़ों रुपये की 5 लग्जरी गाड़ियां हैं. हत्या के बाद मोनू अपनी XUV से फरार हुआ था, जबकि उसका परिवार BMW से निकला था.

रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर NCR से उसकी XUV और खून से सनी टीशर्ट बरामद कर ली है. तीन दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस उसके पिस्टल के लाइसेंस को रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है. वहीं, परमजीत के परिवार की सुरक्षा के लिए उनके घर पर 2 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply