Mahanadi Coalfields IPO: शेयर बाजार में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए अगले हफ्ते कमाई का एक मौका आने वाला है. अगर आप किसी सरकारी कंपनी के मजबूत आईपीओ में दांव लगाने की सोच रहे हैं, तो अपना फंड अभी से तैयार कर लीजिए. देश की दिग्गज महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की सब्सिडियरी ‘महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड’ अपना पहला पब्लिक इश्यू लेकर बाजार में उतर रही है.

ये मेगा आईपीओ अगले हफ्ते सब्सक्रिप्शन के लिए खुल सकता है. बाजार के अनुमान के मुताबिक, इस पूरे इश्यू का साइज करीब 9,500 करोड़ रुपये रहने वाला है. ये इश्यू बुकबिल्डिंग रूट के जरिए खुलेगा. इसके तहत कुल 66.18 करोड़ इक्विटी शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे. आईपीओ बंद होने के बाद कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के साथसाथ बीएसई पर भी लिस्ट होंगे.
कंपनी के खाते में नहीं जाएगा एक भी रुपया
आमतौर पर कंपनियां अपने कारोबार को बढ़ाने या कर्ज चुकाने के लिए आईपीओ लाती हैं, लेकिन महानदी कोलफील्ड्स के मामले में ऐसा नहीं है. कंपनी के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, ये इश्यू पूरी तरह से यानी 100 फीसदी ऑफर फॉर सेल के तहत आ रहा है.
इस आईपीओ में कोई भी नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा. पैरेंट कंपनी कोल इंडिया इसमें अपनी 10 फीसदी हिस्सेदारी बाजार में बेच रही है. चूंकि ये पूरा इश्यू ओएफएस है, इसलिए शेयर बेचने से मिलने वाली पूरी रकम सीधे प्रमोटर यानी कोल इंडिया के खाते में जाएगी. महानदी कोलफील्ड्स को इस आईपीओ से एक भी रुपया नहीं मिलेगा. बाजार नियामक सेबी ने 4 नवंबर को ही इस ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट को अपनी मंजूरी दे दी थी, जिसके बाद से कंपनी ने लॉन्चिंग की तैयारियां तेज कर दी हैं.
खुदरा निवेशकों के लिए कितना हिस्सा आरक्षित?
इस ₹9,500 करोड़ के मेगा आईपीओ में अलगअलग कैटेगरी के निवेशकों के लिए कोटा पहले से तय कर दिया गया है:
- रिटेल इन्वेस्टर्स : आम खुदरा निवेशकों के लिए नेट ऑफर का कम से कम 35 फीसदी हिस्सा रिजर्व रखा गया है.
- क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स : बड़े संस्थागत खरीदारों के लिए इस इश्यू में अधिकतम 50 फीसदी हिस्सा तय किया गया है.
- नॉनइंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स : बड़े निवेशकों या अन्य गैरसंस्थागत खरीदारों के लिए कम से कम 15 फीसदी कोटा रखा गया है.
देश के कोयला उत्पादन में कंपनी की भूमिका
आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड की शुरुआत साल 1992 में हुई थी. ये कोल इंडिया लिमिटेड की सबसे प्रमुख और पूरी तरह से स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनियों में से एक है. ये कंपनी मुख्य रूप से ओडिशा के तालचेर और आईबी वैली कोयला क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कोयला निकालने का काम करती है. देश के कुल कोयला उत्पादन में इस कंपनी का बहुत बड़ा योगदान है. इसके अलावा देश भर के थर्मल पावर प्लांट्स को ईंधन की सप्लाई करने में भी एमसीएल की अहम हिस्सेदारी है. यही वजह है कि इसे कोल इंडिया की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली इकाई माना जाता है.



