
राजस्थान के अलवर जिले से शिक्षा जगत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. थानागाजी उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पढ़ाकछापली के प्रिंसिपल का एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में प्रिंसिपल 9वीं से 12वीं कक्षा की बालिकाओं के साथ बिना कपड़ों के बांध के पानी में नहाता और अठखेलियां करता नजर आ रहा है.
इस शर्मनाक घटना के सामने आते ही ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश फैल गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न होने के बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्र-छात्राओं को भ्रमण और तैराकी सिखाने का झांसा दिया. इसके बाद वह जंगल के रास्ते बच्चों को करीब दो किलोमीटर दूर स्थित भड़ाज बांध पर ले गया. बांध पर ले जाए गए बच्चों में 9वीं से 12वीं कक्षा की लगभग 20 से 25 छात्राएं शामिल थीं.
आरोप है कि बच्चों को बिना किसी लाइफ जैकेट या पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के पानी में उतार दिया गया, जबकि कई बच्चों को तैरना तक नहीं आता था. ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, भड़ाज बांध की पाल महज 5-6 फीट चौड़ी है और गहराई अधिक होने के कारण यहां पूर्व में कई डूबने की दर्दनाक घटनाएं हो चुकी हैं. सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पिछले 4 सालों से यहां आम लोगों के जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है.
बावजूद इसके एक जिम्मेदार पद पर बैठे प्रिंसिपल द्वारा नियमों को ताक पर रखकर छात्राओं को ऐसे खतरनाक और प्रतिबंधित स्थल पर ले जाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
स्कूल पहुंचे ग्रामीण, पुलिस और शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा. थानागाजी थाना प्रभारी राजकुमार मीणा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रिंसिपल के बयान दर्ज कर लिए हैं. हालांकि, अभी तक किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है.
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव ने बताया कि बालिकाओं, प्रिंसिपल और अभिभावकों से प्रारंभिक जानकारी जुटाई गई है. विभाग की एक विशेष टीम गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है, जिसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी.



