
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में जमीन विवाद को लेकर ससुर और दामाद के बीच खूनी संघर्ष का एक दर्दनाक मामला सामने आया है. नसीराबाद थाना क्षेत्र के कुंवरमऊ गांव में संपत्ति विवाद के चलते ससुर और ससुराल वालों ने कथित तौर पर दामाद वीरेंद्र सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक जमीनी विवाद को लेकर हुए विवाद में वीरेंद्र सिंह को चाकू लगने की बात सामने आई है. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
लंबे समय से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, जमीनी विवाद काफी समय से चल रहा था. इसके कारण आए दिन परिवार में इस बाबत झगड़ा और छोटी-मोटी लड़ाइयां अक्सर हो जाया करती थी. चश्मदीदों के अनुसार इस बार विवाद हद से ज्यादा बढ़ गया. नौबत मार-पीट तक आ गई. आरोप है कि सास-ससुर और चचिया ससुर ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की. पिटाई के दौरान वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.
गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल रायबरेली के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गईं.
पुलिस जांच में जुटी मामला दर्ज
पुलिस ने इस बाबत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने मृतक की सास और उसकी बहन को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.



