Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पुरकाजी थाना क्षेत्र के नूर नगर गांव में संपत्ति बंटवारे को लेकर एक पंचायत चल रही थी. नाराज बड़े भाई दीपचंद गुर्जर ने अपने बेटे अंशुल के साथ मिलकर अपने छोटे भाई कृष्ण पाल गुर्जर की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक कृष्णपाल गुर्जर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. वहीं इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी भाई दीपचंद गुर्जर और उसके बेटे अंशुल को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि हत्यारा भाई दीपचंद गुर्जर पूर्व प्रधान है और मृतक छोटा भाई कृष्ण पाल गुर्जर तितावी मिल गन्ना समिति का चैयरमैन रह चुका है.

जानकारी के मुताबिक, पिछले कई दिनों से संपत्ति बंटवारे को लेकर हत्यारे भाई दीपचंद गुर्जर और मृतक कृष्णपाल गुर्जर के परिवार में तनातनी चली आ रही थी. जिसके चलते आज मृतक कृष्ण पाल गुर्जर के घर परिवार और रिश्तेदारों की एक पंचायत जुटी थी. इस पंचायत में संपत्ति बंटवारे को लेकर बातचीत चल ही रही थी. वहीं, किसी बात से नाराज होकर बड़े भाई दीपचंद गुर्जर ने अपने बेटे अंशुल के साथ मिलकर अपने छोटे भाई कृष्णपाल गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
जमीन बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद
इस घटना को लेकर एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा का कहना है कि अभी देखी एक डेढ़ घंटे के पहले की बात है. पुरकाजी थाना क्षेत्र मुजफ्फरनगर में दो सगे भाइयों का जमीन को लेकर विवाद था. जमीन बंटवारे को वेकर आज आपस में ही पंचायत कर रहे थे. इसमें एक कृष्ण पाल गुर्जर की उसके सगे भाई दीपचंद ने गोली मारकर हत्या कर दी है.
बड़े भाई ने छोटे भाई की मारी गोली
पुलिस के मुताबिक, हत्या में प्रयुक्त लाइसेंस राइफल का इस्तेमाल करना बताया जा रहा है. साथ ही साथ इसमें जो मुलजिम है दीपचंद और उसका बेटा पुलिस की कस्टडी में आ गए हैं. दोनों से मामले में पूछताछ की जा रही है, साथ ही साथ इसमें पंचायतनामा पोस्टमार्टम की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है तथा कठोरता आवश्यक विधिक करवाई सुनिश्चित की जा रही है.



