Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में स्थित राजस्व विभाग के दफ्तर में शुक्रवार को एक ठेकेदार ने जमकर हंगामा किया. 55 लाख रुपये के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटवाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि ठेकेदार ने अपना आपा खो दिया. उसने RA बाबू कुलदीप कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए अपने कपड़े और जूते उतारकर उनकी ओर फेंक दिए. इस अजीबोगरीब और अप्रत्याशित घटनाक्रम से पूरे कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई और काफी देर तक हंगामा होता रहा.

जानकारी के मुताबिक, एक ठेकेदार अपने 55 लाख रुपये के हैसियत प्रमाण पत्र से जुड़े काम को लेकर राजस्व विभाग के कार्यालय पहुंचा था. वहां किसी बात को लेकर उसकी RA बाबू कुलदीप कुमार से तीखी नोकझोंक हो गई. विरोध जताते हुए ठेकेदार ने सबके सामने अपने कपड़े और जूते उतार दिए और बाबू की तरफ फेंक दिए.
ठेकेदार का आरोप है कि प्रमाण पत्र बनाने के एवज में उससे रिश्वत की मांग की गई थी और रकम न देने पर उसकी फाइल जानबूझकर रोक दी गई. विवाद के दौरान उसने 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटवाने की बात को भी रिश्वतखोरी से जोड़ते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए.
RA बाबू कुलदीप कुमार ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, इस पूरे प्रकरण पर RA बाबू कुलदीप कुमार ने ठेकेदार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए निराधार बताया है. उनका कहना है कि 55 लाख रुपये के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए सरकारी नियमानुसार 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटनी अनिवार्य थी. बाबू के मुताबिक, ठेकेदार निर्धारित शुल्क की रसीद कटवाने के बजाय बिना रसीद के ही हैसियत प्रमाण पत्र जारी करने का दबाव बना रहा था. जब नियम के बिना काम करने से इनकार किया गया, तो उसने दबाव बनाने के लिए दफ्तर में हंगामा खड़ा कर दिया. फिलहाल दोनों पक्षों के विरोधाभासी दावों के बीच इस घटना ने हैसियत प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को चर्चा में ला दिया है, हालांकि रिश्वत मांगने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.



