
राजधानी रांची में सुबह की भागदौड़ के बीच चेन स्नैचर लोगों के लिए नई परेशानी बनते दिख रहे हैं. कोई बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकला तो कोई अपने घर के पास कार साफ कर रहा था. इसी दौरान बाइक सवार अपराधी पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. शहर के अलग-अलग इलाकों में एक के बाद एक चार ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद अब सुबह के वक्त होने वाली छिनतई ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
इन घटनाओं में एक बात लगभग एक जैसी दिख रही है. अपराधी बाइक से आते हैं, ऐसे व्यक्ति को निशाना बनाते हैं जो अकेला हो या अपने काम में व्यस्त हो और फिर कुछ ही सेकेंड में वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं.
बच्चे को स्कूल छोड़ने निकली महिलाओं को बनाया निशाना
बरियातू थाना क्षेत्र के सरहुल नगर में 32 साल की एक महिला अपने बच्चे को स्कूल बस में बैठाने के बाद घर लौट रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे. पीछे बैठे युवक ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन खींच ली.
इस दौरान चेन टूट गई. उसका कुछ हिस्सा महिला के पास रह गया, जबकि बाकी हिस्सा अपराधी लेकर भाग निकले. घटना के बाद बरियातू पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
इसी तरह डंगराटोली इलाके में भी सुबह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने निकली महिला को बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाया. महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले अपराधी चेन झपटकर फरार हो गए.
कार साफ कर रहे थे, पीछे से आए स्नैचर
मोरहाबादी के रजिस्ट्री ऑफिस के पास भी चेन स्नैचिंग की घटना हुई. यहां सुबह करीब 10:35 बजे एक व्यक्ति अपनी कार की सफाई कर रहा था. तभी बाइक सवार दो युवक पीछे से पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दोनों युवकों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे. इस मामले में लालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है.
लालपुर चौक के पास भी एक महिला से चेन छीनने की घटना सामने आई है. यहां भी बाइक सवार दो अपराधियों ने महिला को निशाना बनाया और वारदात के बाद भाग निकले.
क्या सुबह के वक्त रेकी कर रहे हैं स्नैचर?
एक के बाद एक सामने आई घटनाओं के बाद सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या अपराधी सुबह के वक्त अकेले निकलने वाले लोगों की रेकी कर रहे हैं. हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले ऐसा कहना जल्दबाजी होगी.
फिलहाल अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है. अब जांच से ही पता चलेगा कि चारों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह है या अलग-अलग स्नैचर शहर में सक्रिय हैं.



