
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड अमावां के राणा बेनी माधव सिंह मैदान में आयोजित समारोह में 175 जोड़ों का विवाह वैदिक रीतिरिवाज से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर अदिति सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इससे पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। समारोह में विकासखंड अमावां के 77, राही के 73 तथा नगर पालिका परिषद रायबरेली के 25 जोड़ों समेत कुल 175 जोड़ों ने हिस्सा लिया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरवधुओं को सात फेरे दिलाए और विवाह की रस्में पूरी कराईं।
विधायक सदर और मुख्य विकास अधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रत्येक जोड़े को वस्त्र, डिनर सेट, ट्रॉली बैग आदि उपहार भी प्रदान किए गए।
विधायक सदर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य ऐसे गरीब और निर्धन परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर उपलब्ध कराना है, जो विवाह समारोह में होने वाले खर्च का वहन करने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से परंपरागत और धार्मिक रीतिरिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजना है।



