
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: मानकनगर के मंगलखेड़ा रामनगर इलाके में 55 वर्षीय रमाशंकर उर्फ छोटू उर्फ कालिया की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। उनका शव मंगलवार सुबह घर की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले छत पर शराब और खाने की पार्टी हुई थी, जिसमें पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ शामिल हुआ था। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद व्यक्ति समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
रातभर चली शराब और खाने की पार्टी
रामनगर मंगलखेड़ा निवासी रमाशंकर अपनी बुजुर्ग मां, बड़े भाई उमाशंकर और छोटे बेटे आशु के साथ रहते थे। उनका बड़ा बेटा विवेक आशियाना में पैथोलॉजी लैब चलाता है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है।
परिवार के मुताबिक, रमाशंकर अक्सर घर पर दोस्तों को बुलाकर खाने-पीने की पार्टी करते थे। सोमवार रात करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाला वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। इसके बाद मकान की छत पर बने टीन शेड के नीचे पार्टी शुरू हुई, जो देर रात करीब एक बजे तक चलती रही।
सुबह छत पर मिला खून से लथपथ शव
परिवार के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब चार बजे बड़े भाई उमाशंकर ड्यूटी पर जाने के लिए उठे। वह छत पर पहुंचे तो रमाशंकर जमीन पर पड़े दिखाई दिए। उन्हें लगा कि शराब पीने के कारण वह सो रहे हैं। इसके बाद उन्होंने छोटे बेटे आशु को पिता के छत पर होने की जानकारी दी और काम पर चले गए।
सुबह जब आशु छत पर पहुंचा तो पिता की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। रमाशंकर का शव खून से लथपथ था। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। आशंका है कि ईंट से सिर पर कई वार कर उनकी हत्या की गई।
देर रात छत से सुनाई दे रही थीं तेज आवाजें
आशु ने पुलिस को बताया कि देर रात छत की तरफ से तेज आवाजें सुनाई दे रही थीं। उसे लगा कि पिता और उनके साथी शराब पीने के दौरान शोर कर रहे होंगे। परिवार को उस समय किसी बड़ी वारदात का अंदेशा नहीं हुआ।
सूचना मिलने पर मानकनगर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
थाना प्रभारी अजीत कुमार के मुताबिक, रमाशंकर मानकनगर थाने के हिस्ट्रीशीटर थे और उनके खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज थे। छोटे बेटे आशु की तहरीर पर पड़ोसी वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी समेत चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय मौजूद लोगों और वारदात से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।



