Wardha Student Suicide Case: वर्धा जिले के आर्वी तहसील अंतर्गत मोरांगणा गांव में कक्षा 12वीं की एक छात्रा द्वारा कथित रूप से कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्रा के लापता होने के अगले दिन ग्रामीणों ने उसकी तलाश के दौरान कुएं में शव देखा, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
रात में अचानक घर से हो गई थी लापता
मृतका की पहचान वेदिका रवी अवथले के रूप में हुई है। वह मोरांगणा स्थित पोहर कॉलोनी की निवासी थी और खरांगणा के स्वावलंबी जूनियर महाविद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात वेदिका अचानक घर से बिना बताए निकल गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
मिसिंग रिपोर्ट के बाद शुरू हुई तलाश
अगले दिन 13 जुलाई को परिजनों ने खरांगणा पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी छात्रा की खोजबीन शुरू की।
कुएं में तैरती चप्पल से मिला सुराग
तलाशी के दौरान ग्रामीण महाकाली लेआउट स्थित एक कुएं के पास पहुंचे। वहां कुएं में एक चप्पल तैरती हुई दिखाई दी। संदेह होने पर कुएं में देखा गया तो अंदर छात्रा का शव मिला। घटना की सूचना पुलिस पाटिल महेंद्र वाघमारे ने तुरंत को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल छात्रा के करने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। मामले में अंबादास वैद्य की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



