IndiaUttar Pradesh

​सपा नेताओं के साथ मंत्री राकेश सचान की तस्वीर वायरल, अखिलेश ने दिया जवाब

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव के बीच एक तस्वीर ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और बीजेपी नेता राकेश सचान, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सपा के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज परिमल नथवानी और सपा नेताओं के साथ नजर आए हैं. तस्वीर सामने आने के बाद बीजेपी के भीतर क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक समीकरण बदलने की अटकलें लगाई जाने लगीं. हालांकि, अखिलेश ने खंडन किया है.

​सपा नेताओं के साथ मंत्री राकेश सचान की तस्वीर वायरल, अखिलेश ने दिया जवाब

तस्वीर उस वक्त की है, जब धनराज परिमल नथवानी ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की. इसी दौरान अखिलेश यादव और सपा नेताओं के साथ राकेश सचान भी तस्वीर में दिखाई दिए. सपा के नेताओं ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें मंत्री राकेश सचान दरवाजे पर खड़े हैं और अंदर जाने की कोशिश करते हैं. कुछ देर बाद मार्शल उनको अंदर जाने देते हैं.

तस्वीर पर अखिलेश से सवाल

जब अखिलेश यादव से राकेश सचान की सपा नेताओं के साथ मौजूदगी और इसके राजनीतिक मायने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह खुद भी विधानसभा अध्यक्ष से मिलने गए थे. अखिलेश ने सवाल के जवाब में कहा कि ‘मैं भी तो स्पीकर से मिला हूं, तो क्या सरकार बदलने जा रही है?’ अखिलेश ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ज्यादा अटकलों में जाने के बजाय कहा कि अब जनता के बीच जाने का समय है.’

योगी आदित्यनाथ के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मिलने पहुंचे माननीय अखिलेश यादव जी से। pic.twitter.com/KvFaZtQNao

— मनोज यादव September 30, 2026

तस्वीर के बाद क्यों शुरू हुई चर्चा?

दरअसल, राज्यसभा चुनाव में 10वीं सीट को लेकर बीजेपी और सपा के बीच नंबर गेम दिलचस्प बना हुआ है. सपा ने रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है. अखिलेश ने ऐलान कर दिया है कि सपा का तीसरा कैंडिडेट भी मैदान में उतरेगा. इस दौरान अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं, लेकिन चुनौती उन्हें एडजस्ट करने की है… मैं उनसे झूठा वादा नहीं कर सकता हूं.

राकेश सचान का राजनीतिक सफर भी सपा से जुड़ा रहा है. वह सपा के टिकट पर विधायक और सांसद रह चुके हैं. बाद में उन्होंने कांग्रेस और फिर बीजेपी का रुख किया. इसी पुराने राजनीतिक संबंध को देखते हुए तस्वीर को लेकर अटकलें और तेज हुईं. पिछले दिनों ही राकेश सचान से MSME जैसा भारी भरकम मंत्रालय छीन लिया गया था. तब से वह नाराज बताए जा रहे हैं. इस समय वह खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा, एवं वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री हैं.

राज्यसभा चुनाव में क्यों अहम है हर वोट?

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है. बीजेपी ने शुरुआत में आठ नामांकन फॉर्म खरीदे हैं, जबकि सपा की तरफ से तीन फॉर्म लिए गए थेय ऐसे में 10वीं सीट के लिए मुकाबला नंबरों पर टिका है. सपा के तीसरे उम्मीदवार को जीत के लिए अपने अतिरिक्त वोटों के अलावा दूसरे खेमे से समर्थन जुटाना होगा. इसी वजह से राज्यसभा चुनाव से पहले विधायकों की हर राजनीतिक गतिविधि पर नजर है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply