Satya Report: शादी की तारीख 20 अप्रैल 2026 तय थी। लेकिन शादी के तीन दिन पहले दूल्हा घर से भाग गया। 19 अप्रैल को लड़के के पिता ने लड़की पक्ष को मामले से अवगत कराया, आश्वासन दिया कि शादी रद्द नहीं होगी। उन्होंने अपने दूसरे बेटे से शादी कराने का प्रस्ताव रखा।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शादी के तीन दिन पहले दूल्हा फरार हो गया। दूल्हे के पिता ने दुल्हन पक्ष को इसकी जानकारी दी और अपने दूसरे बेटे से शादी कराने का प्रस्ताव रखा लेकिन शादी के दिन वह लड़का भी बीमार पड़ गया। परिवार का तीसरा बेटा शादी करने के लिए तैयार नहीं हुआ। तब लापता दूल्हे के पिता ने अपने चौथे बेटे से दुल्हन की शादी तो करा दी लेकिन शादी के बाद वर पक्ष ने दुल्हन की विदाई कराने से इनकार कर दिया है। लड़की पक्ष ने बुधवार को एसपी को पत्रक सौंप न्याय की गुहार लगाई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी कछवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से 22 अगस्त 2025 में तय हुई। विवाह की तिथि 20 अप्रैल 2026 में रखी गई, लेकिन मामला तब बिगड़ा, जब शादी के तीन दिन पहले दूल्हा घर से भाग गया। 19 अप्रैल को लड़के के पिता ने लड़की पक्ष को मामले से अवगत कराया, आश्वासन दिया कि शादी रद्द नहीं होगी। उन्होंने अपने दूसरे बेटे से शादी करने की बात रखी। उनकी इन बातों से लड़की पक्ष को थोड़ी राहत मिली। वे शादी की तैयारियों में जुटे रहे। रिश्तेदार और नातेदार भी पहुंच गए थे।
लेकिन इसी बीच दूसरे बेटे से उन्होंने शादी का प्रस्ताव रखा था वह बीमार हो गया। तब तीसरे बेटे से शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन तीसरे बेटे ने शादी करने से इनकार कर दिया। उसके बाद अपने चौथे बेटे से तय तारीख पर शादी कराने का प्रस्ताव रखा। इस पर दोनों पक्षों की सहमति बनी और तय तारीख पर लड़की के दरवाजे पर बारात पहुंच गई। पूरे रीति रिवाज और रस्मों के साथ शादी सम्पन्न हुई। यहां तक सब ठीक था लेकिन सुबह जब लड़की पक्ष विदाई के लिए बारात स्थल पर पहुंचा, तो सभी बराती गायब थे। सभी रात में ही वहां से रफू चक्कर हो गए थे। लड़की पक्ष ने जब लड़के के पिता से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि जिस दूल्हे से शादी तय हुई थी, उसके मिलने के बाद ही विदाई कराएंगे।
दूल्हे के पिता की ये बात सुनकर दुल्हन पक्ष हैरान रह गया। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था कि इन हालात में अब क्या करें। दुल्हन पक्ष के लोग जिसके साथ बेटी की शादी हुई उसी के संग विदाई करने की मांग पर अड़ गए। लेकिन तमाम बातों के बाद भी लड़के पक्ष ने विदाई से इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि जिस लड़के से शादी हुई है, उसी के साथ विदाई होगी। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। .



