
पेशावर : उत्तरपश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को शांति रैली के दौरान एक पुलिस थाने पर हुए आत्मघामी विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में पांच पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
धमाका तब हुआ जब स्वात जिले के कबाल कस्बे में पुलिस थाने के ठीक सामने ‘स्वात शांति रैली’ निकल रही थी। अभी तक किसी भी समूह या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। स्वात बचाव एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि नौ शव केंद्रीय सैदु शरीफ अस्पताल ले जाये गये, जबकि कबाल अस्प्ताल के डॉक्टरों ने पांच और मौतों की पुष्टि की है।
स्वात शांति रैली का आयोजन स्वात अमन जिरगा की ओर से किया गया था। रैली में शामिल लोगों ने नारे लगाए और इलाके में शांति की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण पिछले कुछ महीनों में सुरक्षा की स्थिति खराब हुई है। स्वात के जिला पुलिस अधिकारी के मुताबिक, संदिग्ध आत्मघाती हमलावर ने कबाल पुलिस थाने और पुलिस लाइन परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन मुख्य द्वार पर पुलिसवालों ने उसे रोक लिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इसके बाद हमलावर ने विस्फोट कर दिया। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी मलकंद सैयद फिदा हसन शाह ने कहा कि पुलिस के समय पर कार्रवाई करने से एक बहुत बड़ी घटना टल गई। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हमलावर कबाल पुलिस परिसर में घुस जाता तो हताहतों की संख्या और भी ज्यादा हो सकती थी।
कबाल पुलिस परिसर में पुलिस थाना, पुलिस लाइन, एक सुविधा केंद्र और कई दूसरे सरकारी कार्यालय हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना में घायल 15 से अधिक लोगों को अलगअलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने स्वात जिले के कबाल इलाके में हुए धमाके की कड़ी निंदा की और पुलिस महानिरीक्षक से घटना पर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।


