
ताजगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र और उसकी 38 वर्षीय ट्यूशन शिक्षिका के अचानक लापता होने से पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ गई थी। कई दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से छात्र को नोएडा और शिक्षिका को मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
स्कूल प्रोजेक्ट के नाम पर घर से निकला था छात्र
जानकारी के अनुसार, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र 4 अगस्त को स्कूल प्रोजेक्ट के लिए करीब 3 हजार रुपये लेकर घर से निकला था। उसने अपनी साइकिल एक दोस्त के घर खड़ी की और इसके बाद वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि उसे ट्यूशन पढ़ाने वाली 38 वर्षीय शिक्षिका भी लापता हैं। इसके बाद छात्र के परिजनों ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई, जबकि शिक्षिका के पति ने भी उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दी।
मोबाइल कॉल डिटेल से मिला अहम सुराग
पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबरों की जांच और कॉल डिटेल खंगाली। जांच में दोनों के लगातार संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
सीसीटीवी में दोनों को एक साथ ट्रेन में बैठते हुए देखा गया। पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों पहले ग्वालियर पहुंचे और फिर बयाना होते हुए कैलादेवी मंदिर गए। इसके बाद दोनों अलग-अलग शहरों की ओर चले गए।
छात्र नोएडा और शिक्षिका मथुरा से मिलीं
तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने छात्र को नोएडा और शिक्षिका को मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि छात्र घर में डांट और पढ़ाई के दबाव को लेकर तनाव में था।
पुलिस के अनुसार, छात्र ने 4 अगस्त को फोन पर आत्महत्या करने की बात कही थी। शिक्षिका का कहना है कि छात्र को कोई गलत कदम उठाने से रोकने के लिए वह उसे अपने साथ ले गई थीं। बाद में उन्हें अपने फैसले का एहसास हुआ, लेकिन डर की वजह से वापस लौटने की हिम्मत नहीं हुई।
परिजनों ने नहीं की आगे कार्रवाई की मांग
थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा के मुताबिक, दोनों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने आगे किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कही है।



